
Vadh 2 (सोर्स-IMDb)
Vadh 2 X Review in Hindi: साल 2022 में आई फिल्म 'वध' ने अपने सस्पेंस और सधी हुई कहानी से दर्शकों को चौंका दिया था। अब उसी कहानी को आगे बढ़ाते हुए 'वध 2' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है और रिलीज के साथ ही ये फिल्म सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। अनुभवी अभिनेत्री नीना गुप्ता और संजय मिश्रा एक बार फिर अपने अभिनय से दर्शकों को बांधने में सफल नजर आ रहे हैं। खास बात ये है कि फिल्म का क्लाइमेक्स दर्शकों को सबसे ज्यादा प्रभावित कर रहा है। फिल्म को देखने के बाद लोगों ने एक्स पर क्या कुछ रिएक्सन्स दिए, चलिए जानते हैं।
शुक्रवार को रिलीज हुई 'वध 2' देखने के बाद कई दर्शकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं। ज्यादातर लोगों ने फिल्म को एक गहरी और सोचने पर मजबूर करने वाली थ्रिलर बताया। फिल्म को देखने के बाद कई लोगों ने अपने रिव्यूज दिए हैं। उनका कहना है कि कहानी में लगातार आने वाले मोड़ और आखिरी हिस्से में दिया गया झटका फिल्म को खास बना देता है। कई यूजर्स ने इसे पहली फिल्म से भी ज्यादा मजबूत और असरदार बताया।
फिल्म में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की केमिस्ट्री एक बार फिर चर्चा में है। संजय मिश्रा अपने शांत लेकिन अंदर से उथल-पुथल भरे किरदार में पूरी तरह ढले नजर आते हैं। वहीं नीना गुप्ता का अभिनय भावनात्मक गहराई जोड़ता है। सहायक भूमिकाओं में कुमुद मिश्रा, अमित के सिंह, योगिता बिहानी, अक्षय डोगरा और शिल्पा शुक्ला ने भी कहानी को मजबूती दी है।
वध 2 का निर्देशन जसपाल सिंह संधू ने किया है। फिल्म की कहानी एक गंभीर अपराध और उसके मनोवैज्ञानिक असर के इर्द-गिर्द घूमती है। यह फिल्म सिर्फ एक मर्डर मिस्ट्री नहीं, बल्कि इंसानी लालच, डर और नैतिक द्वंद्व को भी सामने रखती है। फिल्म को पिछले साल गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में भी दिखाया गया था, जहां इसे सराहना मिली थी।
सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा तारीफ फिल्म के अंत की हो रही है। कई दर्शकों ने क्लाइमैक्स को शानदार बताया है। लोगों का कहना है कि आखिरी 20 मिनट फिल्म की पूरी दिशा बदल देते हैं और यहीं इसकी सबसे बड़ी ताकत छिपी है।
फिल्म की रिलीज के साथ ही नीना गुप्ता और संजय मिश्रा ने दर्शकों से खास अपील की है। दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से कहा है कि वे फिल्म के अहम मोड़ या अंत का खुलासा न करें, ताकि हर दर्शक थिएटर में उसी रोमांच के साथ फिल्म का आनंद ले सके, जैसा फिल्मकारों ने सोचा है।
जहां आम दर्शक फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ समीक्षकों का मानना है कि फिल्म की कहानी कुछ हिस्सों में अनुमानित हो जाती है। हालांकि, ज्यादातर रिव्यू इस बात पर सहमत हैं कि अभिनय और क्लाइमेक्स फिल्म को संभाल लेते हैं।
थिएटर में रिलीज के बाद वध 2 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। ऐसे में जो दर्शक सिनेमाघर नहीं जा पाएंगे, वे ओटीटी पर भी इस थ्रिलर का लुत्फ उठा सकेंगे।
Published on:
06 Feb 2026 03:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
