10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bundi : स्टोन पार्क से डाबी को मिलेगी वैश्विक पहचान

बजट में स्वीकृत स्टोन पार्क के लिए डाबी क्षेत्र में भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

2 min read
Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Feb 10, 2026

Bundi : स्टोन पार्क से डाबी को मिलेगी वैश्विक पहचान

डाबी. स्टोन पार्क के लिए आवंटित जमीन।

डाबी. बजट में स्वीकृत स्टोन पार्क के लिए डाबी क्षेत्र में भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के अधिकार क्षेत्र में आने वाली डाबी उपतहसील की ग्राम पंचायत डोरा के राजस्व ग्राम कछालिया के समीप 47.07 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। अब इसी क्षेत्र में स्टोन पार्क की स्थापना की जाएगी।

स्टोन पार्क के स्थापित होने से प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इससे निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। खनिज आधारित उद्योगों को एक संगठित मंच मिलेगा और प्रदूषण मुक्त औद्योगिक इकाइयों की स्थापना संभव हो सकेगी।

10 हजार लोगों को रोजगार की उम्मीद
रीको इंडस्ट्रीज एरिया शुरू होने के साथ ही प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 5 से 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है। सैंड स्टोन पार्क कोटा ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। संपर्क सडक़ विकसित होने से निर्यातकों और निवेशकों की पहुंच और अधिक आसान होगी। इसके अलावा कंवरपुरा, पलका, गरड़दा, डोरा, लक्ष्मीपुरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को भी रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

बुनियादी सुविधाएं जरूरी
कछालिया में स्टोन पार्क के निर्माण के साथ ही अनेक आवश्यक सुविधाओं की जरूरत होगी। रीको औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास और व्यावसायिक सुगमता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आकारों के औद्योगिक प्लॉट उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है। भारी मशीनरी के संचालन के लिए उच्च क्षमता वाले जीएसएस का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन के लिए मजबूत और चौड़ी सीसी सडक़ों का निर्माण आवश्यक है, जिससे बारिश के मौसम में भी आवाजाही बाधित न हो।

पानी, कचरा निस्तारण और श्रमिक सुविधाएं अहम
सैंड स्टोन उद्योग में कटाई व अन्य प्रक्रियाओं के लिए पर्याप्त जल उपलब्धता अनिवार्य है। इसके लिए सुनियोजित जल आपूर्ति और वितरण व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही औद्योगिक स्लरी और सामान्य कचरे के निस्तारण के लिए अधिकृत डंप यार्ड की सुविधा भी आवश्यक है। श्रमिकों के लिए विश्राम गृह, स्वच्छ एवं सस्ती कैंटीन, शुद्ध पेयजल, सुलभ कॉम्प्लेक्स और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार मिल सके।

सुरक्षा जरूरी
औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा कर्मी और एक पुलिस चौकी की स्थापना जरूरी है। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बैंक शाखाएं, एटीएम, कॉरपोरेट सेवाएं, आधुनिक प्रदर्शनी हॉल, होटल और रेस्टोरेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे देश-विदेश से आने वाले निवेशकों और खरीदारों को सुविधा मिले। आकस्मिक दुर्घटनाओं से निपटने के लिए पूर्ण सुविधायुक्त फायर स्टेशन तथा भारी वाहनों के लिए एक बड़ा पार्किंग स्थल भी विकसित किया जाना चाहिए, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में जाम की स्थिति से बचा जा सके।

रीको औद्योगिक क्षेत्र में सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता से न केवल भौतिक और व्यावसायिक विकास सुनिश्चित होगा, बल्कि निवेशकों का विश्वास भी मजबूत होगा।
अशोक जैन, सचिव बूंदी सैंड स्टोन माइंस ऑनर विकास समिति