
विलाप करती महिलाएं। फोटो- पत्रिका नेटवर्क
चित्तौड़गढ़। जिले के कपासन क्षेत्र में शनिवार एक तालाब से मां-बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 11 महीने के मासूम और उसकी 24 वर्षीय मां की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों शुक्रवार से लापता थे और परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
घटना रंडियारडी रोड स्थित तालाब की है। शनिवार को ग्रामीणों ने तालाब में एक बच्चे का शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। कपासन थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका की मदद से गोताखोर बुलाए गए और बच्चे का शव बाहर निकाला गया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बच्चे की पहचान नवीन प्रतापत पुत्र सुरेश प्रजापति निवासी के रूप में की। इसी दौरान तालाब किनारे गड्ढे के पास नवीन की मां ममता प्रजापत (24) की चप्पल और रुमाल पड़े मिले, जिससे आशंका गहरा गई कि वह भी तालाब में हो सकती है। इसके बाद चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम बुलाई गई। टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ममता का शव भी तालाब से बाहर निकाल लिया गया।
मां-बेटे के शव बाहर आते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। महिलाएं एक-दूसरे से लिपटकर बिलखती नजर आईं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों ने शुक्रवार देर रात ममता और उसके बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि ममता शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने ससुराल से यह कहकर निकली थी कि वह बेटे को मंदिर लेकर जा रही है, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
Published on:
07 Feb 2026 04:38 pm
बड़ी खबरें
View Allचित्तौड़गढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
