
घटनास्थल की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)
चूरू। तालछापर रेलवे स्टेशन के पास मेगा हाईवे पर गोरक्षकों और राज राजेश्वरी गोशाला नुवां की संचालिका साध्वी हेमलता बाईसा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोवंश से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। रविवार दोपहर छापर तिराहे पर रोके गए ट्रक में 12 गोवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले, जिनके मुंह और पैर बंधे हुए थे। गोरक्षकों ने चालक और खलासी को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप सोनी मौके पर पहुंचे और सभी गोवंश की स्वास्थ्य जांच की। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से मेगा हाईवे स्थित श्याम गौशाला भेज दिया गया।
पुलिस ने ट्रक चालक सुखविंदर सिंह (निवासी सनाम, जिला संगरूर, पंजाब) और खलासी अहसान पुत्र मुस्तफा पठान (निवासी राजपुरा, जिला पटियाला, पंजाब) को हिरासत में लिया है।
नगर भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष नारायण पारीक और भागीरथ कुलहरि ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पंजाब से गोवंश को ट्रक में भरकर हैदराबाद के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। इसी आधार पर छापर तिराहे पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान गोशाला की टीम भी पहुंच गई और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के समय समाजसेवी अमित मोदी, कुलदीप पारीक, जीतूसिंह चम्पावासी, बाबूभाई, गोसेवक श्याम माली सहित कई गोसेवक मौजूद रहे। एएसआई धर्मवीर सिंह ने बताया कि गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत ट्रक जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गोवंश को पंजाब से हैदराबाद ले जाने की बात स्वीकार की है।
Updated on:
01 Feb 2026 10:39 pm
Published on:
01 Feb 2026 09:31 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
