8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नेपाल के कप्तान की चेतावनी! इंग्लैंड की हालत खराब करने के बाद कह दी बड़ी बात

Nepal Cricket Team ने टी20 वर्ल्डकप 2026 के अपने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया, हालांकि कांटे के मुकाबले में 4 रन से हार गई।

2 min read
Google source verification
Nepal Cricket Team

नेपाल क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

Nepal Cricket Team in T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पांचवें मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद नेपाल के कप्तान ने बड़ा बयान दिया है। इस मुकाबले में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को जीत के लिए पसीना छुड़ाने वाली नेपाल की टीम को अब कोई भी टीम हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी। रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 184 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की टीम सिर्फ 4 रन से पीछे रह गई और 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 180 रन ही बना सकी।

इस मुकाबले के आखिरी ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी, लेकिन सैम करन की सटीक यॉर्कर और लेंथ की गेंदबाजी ने इंग्लैंड की लाज बचा ली। मैच के बाद नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने अपनी टीम पर गर्व जताते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर नेपाल की टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती है, तो वह किसी भी टीम को हराने की क्षमता रखती है।

किसी भी टीम को हराने का दम

रोहित पौडेल ने कहा, "निराशा तो हैं, लेकिन साथ ही टीम पर बहुत गर्व भी है। जिस तरह से लड़कों ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना एफर्ट दिखाया। उसकी बहुत तारीफ होनी चाहिए। मुझे लगता है कि जब हम आज मैदान पर उतरे, तो ग्रुप को सिर्फ यही मैसेज था कि हमारे पास जो कुछ भी है, हम मैदान पर 110% देंगे। मुझे उन पर बहुत गर्व है। जब हम इस वर्ल्ड कप में आए थे, तो हमें यह विश्वास था। हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए थे। हम मुकाबला करना चाहते थे। और हमें ग्रुप में यह विश्वास था कि अगर हम अपना बेस्ट क्रिकेट खेलें तो हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं।"

रोहित ने की सैम करन की तारीफ

उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगा कि आज हमने अपना बेस्ट क्रिकेट खेला। मुझे लगता है कि आज, कुल मिलाकर, अगर आप रिजल्ट के हिसाब से देखें, तो यह हमारे पक्ष में नहीं गया। लेकिन एफर्ट के हिसाब से, मैं फील्डिंग, बॉलिंग और बैटिंग के लिए 100% दूंगा। मुझे लगता है कि उस (डेथ ओवर में बॉलिंग) एरिया में हम सुधार कर सकते हैं। मुझे लगा कि इंग्लैंड भी डेथ ओवर्स की बॉलिंग में स्ट्रगल कर रहा था। लेकिन आखिरी ओवर में, सैम करन ने बहुत अच्छी बॉलिंग की। इसलिए मुझे लगा कि डेथ ओवर्स में बॉलर्स के लिए बॉलिंग करना मुश्किल होता है, खासकर डेथ ओवर्स में यॉर्कर, स्लो बाउंसर डालना।

रोहित ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेंगे। इस टूर्नामेंट में बाकी टीमें भी किसी भी एसोसिएट टीम या किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेंगी। तो यही मैसेज है। लेकिन एक टीम के तौर पर हमें अपना 100% देना होगा।"