
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
Pakistan vs USA Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है। मंगलवार को कोलंबो के सिंहलेज स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने अमेरिका को 32 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने भारत को अंक तालिका में पछाड़कर नंबर वन की कुर्सी भी हासिल कर ली है। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने अमेरिका के साथ पुराना हिसाब भी बराबर कर लिया है।
पिछले टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका ने ही पाकिस्तान को हराकर पहले ही राउंड से बाहर कर दिया था। इस बार अमेरिका की टीम अब टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 190 रन बनाए। जवाब में अमेरिका की टीम 20 ओवर खेलने के बाद 8 विकेट पर सिर्फ 158 रन ही बना सकी। इससे पहले अमेरिका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। इस दौरान अमेरिका की टीम में एक पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर एहसान आदिल भी शामिल थे, जो पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।
पाकिस्तान की शुरुआत धमाकेदार रही और दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 5 ओवर में ही टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। हालांकि साइम अयूब सिर्फ 19 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान सलमान आगा आए, लेकिन वह सिर्फ खाता ही खोल पाए।
इसके बाद साहिबजादा फरहान के साथ बाबर आजम ने बेहतरीन साझेदारी की और टीम को 130 रन के पार पहुंचा दिया। बाबर आजम 32 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद साहिबजादा फरहान 41 गेंदों में 73 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। आखिर में शादाब खान ने 12 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए, जिससे पाकिस्तान 190 रन तक पहुंच सका।
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की शुरुआत धीमी रही। पांच ओवर में एंड्रीज गाउस 13 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि कप्तान मोनांक पटेल सिर्फ 10 गेंदों का सामना कर तीन रन ही बना सके। इसके बाद मिलिंद कुमार ने 22 गेंदों में 39 रन की पारी खेली, जबकि शयान जहांगीर ने 34 गेंदों में 49 और शुभम रंजने ने 30 गेंदों में 51 रन की पारी खेली।
इन दोनों के आउट होने के बाद अमेरिका की जीत की उम्मीद भी खत्म हो गई। आखिर के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। अमेरिका की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले उसे भारतीय टीम के खिलाफ 29 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
Published on:
10 Feb 2026 10:52 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 World Cup 2026
