
भारत आज यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप का आगाज करेगा (फोटो सोर्स: IANS)
IND vs USA, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का तीसरा मुक़ाबला मेजबान भारत और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमरीका (USA) के बीच खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच से पहले भारत को एक और बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा के बाद अब दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी बीमार हो गए हैं और अमेरिका के खिलाफ पहले मुक़ाबले में नहीं खेल पाएंगे।
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक बुमराह को वायरल फीवर हुआ है। टीम मैनेजमेंट बुमराह को आराम देने के मूड में है और शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन मुकाबले में उन्हें खिलाने की जल्दबाज़ी नहीं की जाएगी।
इसका मतलब यह हुआ कि भारत के पास इस मैच के लिए सिर्फ 13 फिट खिलाड़ी ही उपलब्ध होंगे, क्योंकि ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर अभी तक टीम से नहीं जुड़ पाए हैं। सुंदर फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मौजूद हैं और अंतिम फिटनेस क्लियरेंस का इंतजार कर रहे हैं।
मैच से एक दिन पहले बुमराह मैदान पर जरूर पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने ट्रेनिंग में हिस्सा नहीं लिया। ऐसे में मोहम्मद सिराज के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की पूरी संभावना है। सिराज को हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के तौर पर आखिरी समय पर भारतीय स्क्वाड में शामिल किया गया है। हर्षित राणा 4 फरवरी को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान घुटने की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में कहा था, "विशेषज्ञ से परामर्श और स्कैन के बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट में खेलने के लिए अयोग्य घोषित किया है। टीम प्रबंधन उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। हर्षित राणा की जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है।”
बल्लेबाज़ी की बात करें तो ईशान किशन के अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। ईशान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में ओपनर के तौर पर 53 रन की अहम पारी खेली थी। वहीं, न्यूज़ीलैंड के खिलाफ त्रिवेंद्रम में खेले गए आखिरी टी20 मुकाबले में उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाज़ी करते हुए 103 रन बनाए थे। संजू सैमसन के खराब फॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम टॉप ऑर्डर में ईशान किशन पर ही भरोसा जता रही है और उनसे एक बार फिर तेज़ शुरुआत की उम्मीद होगी।
Published on:
07 Feb 2026 08:29 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 World Cup 2026
