2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नहीं आई दया, बेरहमी से मां के दोनों हाथ काटे, पिता को भी नहीं छोड़ा, ममेरे भाई को तो…

MP News: मध्य प्रदेश के देवास जिले के गंधर्वपुरी गांव के कुशवाह नगर में दिल दहलाने वाली वारदात। नशेड़ी बेटे ने मामूली विवाद में उठाया खौफनाक कदम.. घर को बना दिया कत्लखाना...

2 min read
Google source verification
MP News crime in Dewas

MP News crime in Dewas: पीड़ित परिवार के बाहर खड़ी पुलिस।(patrika photo)

MP News: ग्राम गंधर्वपुरी स्थित कुशवाह नगर में रविवार दोपहर एक नशेड़ी पुत्र ने मामूली विवाद पर अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर मां के दोनों हाथ काट दिए, जबकि पिता के सिर पर गंभीर वार किया। बीच-बचाव करने आए ममेरे भाई को भी आरोपी ने कुएं में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

दिल दहला देगी वारदात

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2 बजे बुजुर्ग जगन्नाथ पिता चुन्नीलाल (70) और उनकी पत्नी मानसागर बाई (61) खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका पुत्र अर्जुन कुशवाह वहां पहुंचा। माता-पिता ने खेत में कटी हुई लकड़ी बेचने का विरोध किया, जिससे अर्जुन भडक़ गया। गुस्से में आरोपी ने खेत पर काम कर रहे मजदूरों से कुल्हाड़ी छीनकर माता-पिता पर हमला कर दिया।उसने मानसागर बाई के दोनों हाथ काट दिए, जबकि जगन्नाथ के सिर पर जोरदार वार किया।

घायलों को इंदौर रेफर, महिला की हालत गंभीर

ग्रामीणों ने तीनों घायलों को निजी वाहन से सिविल अस्पताल सोनकच्छ पहुंचाया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल देवास रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जगन्नाथ और मानसागर बाई को इंदौर रेफर कर दिया गया। महिला के दोनों हाथ कटने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंदरसिंह का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

बीच-बचाव करने आया भाई, तो कुएं में फेंका

हमले के दौरान खेत पर मौजूद बांटेदार व मामा के लडक़े इंदरसिंह कुशवाह ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया और उसे पास बने कुएं में धक्का दे दिया। इंदर किसी तरह कुएं से बाहर निकला और गांव में घटना की सूचना दी।

नशे का आदी, गांव में पहले से दहशत

स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी अर्जुन नशे का आदी है और आए दिन झगड़ा करता रहता है। महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायतें भी पूर्व में मिल चुकी हैं। उसकी पत्नी मारपीट से तंग आकर पहले ही बच्चों सहित मायके जा चुकी है। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है।

घटनास्थल सील, आरोपी फरार

सूचना मिलने पर सोनकच्छ थाना प्रभारी अजय गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए। इंदरसिंह की रिपोर्ट पर आरोपी अर्जुन कुशवाह के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए अलग- अलग टीमें गठित की गई हैं।

आरोपी की तलाश जारी है

घटनास्थल को सील कर सबूत जुटाए गए हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है।

-अजय गुर्जर, थाना प्रभारी, सोनकच्छ

ऐसी वारदातों पर क्या कहते हैं मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट्स

एमपी में सामने आईयह घटना गंभीर मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार संबंधी चिंता को दर्शाती है। आरोपी ने मामूली विवाद पर अत्यधिक हिंसा दिखाई, जिससे माता-पिता और परिवारजन गंभीर चोटिल हुए। स्थानीय जानकारी के अनुसार आरोपी नशे का आदी है, जिससे इम्पल्स कंट्रोल कमजोर होने की संभावना है। पूर्व में झगड़े और सामाजिक असामंजस्य इसकी पुष्टि करते हैं। ऐसे मामलों में आरोपी का मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन और नशा मुक्ति कार्यक्रम आवश्यक है। साथ ही, पीड़ित परिवार के लिए सुरक्षा, काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रदान करना जरूरी है। यह घटना परिवार और समुदाय में भय और तनाव बढ़ा सकती है।

-डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी, वरिष्ठ मनोचिकित्सक, भोपाल