
- फरवरी-मार्च से प्रारंभ कर देगी सर्विस सडक़ों का निर्माण
- नारायण ढाबा से सागरपाड़ा तक दोनों ओर की 12 किमी रोड बनेंगी
- जलभराव और ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने दोनों ओर बनेंगे सीसी नाले
धौलपुर.नेशनल हाइवे 44 स्थित सर्विस रोडों की हालत जल्द सुधरने वाली हैं। जिसके लिए रोडों का निर्माण करने वाली जीआर इन्फ्रा कम्पनी ने शहर में डेरा भी डाल लिया है। एनएचएआई की मानें तो फरवरी के आखिर या मार्च के शुरुआती दिनों में कार्य प्रारंभ हो सकता है। इस दौरान सर्विस रोडों के दोनों ओर सीसी नालों का भी निर्माण किया जाएगा। जिससे जलभराव की समस्या फिर दोबारा न हो।
नेशनल हाइवे 44 के दोनों ओर बनी सर्विस रोडों का हाल बेहाल है। सडक़ों में एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे बड़े हादसों का कारण बन रहे हैं। थोड़ी सी बारिश में तो यह समस्या और विकराल रूप धारण कर लेती है। जिसके बाद यह सर्विस रोडें किसी दलदल से कम प्रतीत नजर नहीं आती। जिनमें से निकलते हुए दोपहिया वाहन चालक सहित राहगीर तक आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन शहरवासियों को जल्द ही अब इन ऊबड़ खाबड़ सर्विस सडक़ों से निजात मिलने वाली है। दरअसल एनएचएआई ने नेशनल ग्रीन एक्सप्रेस वे बनाने वाली कम्पनी जीआर इन्फ्रा को इन सर्विस रोडों की माली हालत सुधारने का टेंडर दिया है। इसके अनुसार कंपनी ने भी अपना सेटअप शहर में जमा लिया है। जीआर इन्फ्रा कंपनी नाराण ढाबा से सागरपाड़ा तक दोनों ओर की6-6 किलोमीटर यानी १२ किमी सर्विस रोडों का निर्माण करेगी, यह निर्माण आरसीसी का होगा। तो वहीं जलभराव और पानी की समस्या को दूर करने सर्विस रोडों के दोनों तरफ नालों का भी निर्माण कराया जाएगा। जिससे आगामी दिनों में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो सके।
पुरानी सडक़ें हटाकर बनेंगी नई सर्विस रोड़े
एनएचएआई के अनुसार नारायण ढावा से सागरपाड़ा तक दोनों ओर की १२ किमी सर्विस सडक़ों का सीसी निर्माण कराया जाएगा। यह निर्माण कार्य फरवरी माह के आखिर या मार्च के शुरुआती दिनों में हो सकता है। जानकारी के अनुसार सर्विस रोडों के निर्माण में देरी का कारण नेशनल ग्रीन हाइवे निर्माण को जमीन अधिग्रहण का ना हो पाना बताया जा रहा है, क्योंकि दोनों जगहों के निर्माण का टेण्डर एक ही कंपनी के पास है। हालांकि विभाग का कहना है कि जल्द ही कंपनी सर्विस रोडों के नवीनीकरण का काम प्रारंभ कर देगी। एनएचएआई के अनुसार सर्विस रोडों को बनाने से पहले ऊबड़ खाबड़ सडक़ों को हटाकर ही नवीन सर्विस रोडों का निर्माण किया जाएगा। जिससे रोडों में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
राहगीर सहित वाहन चालक हो रहे परेशान
नेशनल हाइवे 44 स्थित सर्विस रोडों की हालत बदतर है। बारिश के दौरान तो यह सडक़ें तालाब बन जाती हैं जिस कारण इन सडक़ों से निकलने वाले दोपहिया वाहन चालकों सहित बड़े वाहन तक कई बार पलट चुके हैं। तो वहीं कई लोग इन सडक़ों का शिकार होकर घायल तक हो चुके हैं, क्योंकि रोडों में हो रहे गड्ढों मे पानी भरने से वाहन चालकों गड्ढों की गहराई का पता नहीं लग पाता। जिस कारण चालक इन गड्ढों का शिकार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा हालत खराब राहगीरों की है जिनमें बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं।
रोके कट पर अंडर पास का होगा निर्माण
अहमदाबाद की जीआर इन्फ्रा कंपनी नेशनल ग्रीन हाइवे और सर्विस रोडों के निर्माण के साथ नेशनल हाइवे ४४ की डेंटिंग, पेंटिंग यानी मेंटेनेंस का कार्य भी करेगी, जिसके लिए कंपनी ने एनएचएआई से एग्रीमेंट कर रखा है। इसके अलावा कंपनी मचकुण्ड चौराहे पर फ्लाई ओवर का भी निर्माण करेगी। फ्लाई ओवर निर्माण के लिए गत दिनों पहले मिट्टी परीक्षण भी किया जा चुका है। शहर के सबसे खतरनाक प्वाइंटों में से मचकुण्ड चौराहा पर फ्लाइओवर बनने से जहां यातायात सुगम होगा तो वहीं हादसों पर भी अंकुश लगेगा। इसके अलावा हाइवे 44पर ही रीको को जाने के लिए कट पर अंडर पास का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे आवागम में सुगमता होगी।
शहर की एक दर्जन से ज्यादा सडक़ें लापता
देखा जाए तो धौलपुर में नेशनल हाइवे की सर्विस रोडों से लेकर हर सडक़ गड्ढों में लापता हो चुकी है। हालांकि सार्वजनिक लोक निर्माण विभाग ने गुलाब बाग से रेलवे स्टेशन तक नवीन सडक़ का निर्माण तो करा दिया, लेकिन यह देखने वाली बात रहेगी कि यह सडक़ भी कितने दिन तक टिकी रह सकती है, लेकिन इसके बाद अभी भी एक दर्जन से ज्यादा शहर की सडक़ें जर्जर हालात में हैं। जिनसे निकलने में लोगों को गड्ढों और धूल धक्कड़ से जंग से लडऩी पड़ रही है।
नेशनल हाइवे44 स्थित सर्विस रोडों का निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। इसका निर्माण जीआर इन्फ्रा कंपनी कराएगी। इस दौरान नारायण ढाबा से लेकर सागरपाड़ा तक दोनों तरफ की १२ किमी की सडक़ों का सीसी निर्माण कराया जाएगा। धौलपुर एनएचएआइ की प्राथमिकता में सर्वप्रथम है।
-भारतेन्दु कुलश्रेष्ठ, एनएचएआई इंजीनियर
Published on:
01 Feb 2026 07:46 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
