
शादी के एक दिन पहले दुल्हन ने इस कारण शादी से कर दिया इंकार, विधायक को करना पड़ा हस्तक्षेप
एटा के जलेसर नगर के मोहल्ला सराय खानम निवासी युवक की शादी 13 मार्च को होनी थी, लेकिन 1 दिन पहले लड़की ने उसको पतला बताकर नापसंद कर दिया। दो दिन दोनों पक्षों में थाने से लेकर तहसील तक समझौते को लेकर बहस चलती रही।बृहस्पतिवार को समझौता हुआ। दोनों पक्षों ने लेन-देन वापस कर रिश्ता खत्म कर दिया।
तीन दिनों तक नगर में यह रिश्ता चर्चा का विषय बना रहा। लड़की का एक दिन पूर्व शादी से इन्कार करने का मामला बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे क्षेत्रीय विधायक संजीव दिवाकर के हस्तक्षेप पर खत्म हुआ। सराय खानम निवासी दाऊदयाल के पुत्र करन की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व हाथरस के गांव मिर्जापुर निवासी अतर सिंह की पुत्री अंजलि के साथ तय हुई थी।
दो दिन पहले 11 मार्च को लड़की पक्ष द्वारा लगन की रस्म की गई। 12 मार्च की शाम दुल्हन पक्ष ने शादी करने से मना कर दिया। बुधवार को दोनों पक्ष विधायक के आवास पर पहुंचे। जहां वार्ता बेनतीजा रही। जिसके बाद तहसील में समझौते के समय दोनों पक्ष भिड़ गए।
बृहस्पतिवार की सुबह फिर दोनों पक्ष विधायक के आवास पर पहुंचे। जहां उनको समझाते हुए समझौता करा दिया गया। शादी से पहले की रस्मों में एक-दूसरे को दिया गया सामान दोनों पक्षों ने वापस कर दिया। कोतवाली पुलिस को दोनों पक्षों ने इस मामले कोई कानूनी कार्रवाई न करने का वादा किया। इसके बाद शादी का रिश्ता पूरी तरह खत्म कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। अब कोई विवाद की स्थिति नहीं है।
Published on:
15 Mar 2024 09:03 am
