
SHO ने सांसद सनातन पांडेय के छुए पैर, PC- Video Grab
गाजीपुर : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बलिया से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद सनातन पांडेय धरने पर बैठे नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक थाने के SHO धरनास्थल पर पहुंचते हैं और सांसद के पैर छूकर उन्हें प्रणाम करते दिखाई देते हैं। यह दृश्य वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो में दिखता है कि SHO जब धरने पर बैठे सांसद के पास पहुंचते हैं, तो सांसद के बगल में बैठे एक सपा नेता उनसे पूछते हैं कि वे वहां कैसे पहुंचे। इस पर SHO जवाब देते हैं, 'आप जहां बुलाएंगे, वहां पहुंचना ही पड़ेगा।'
जब उनसे सांसद को गिरफ्तार करने को लेकर सवाल किया जाता है, तो SHO कहते हैं, 'मेरी इतनी औकात कहां है कि आपको गिरफ्तार कर सकूं।' इसके बाद वे यह भी कहते हैं कि उनके यहां एक कार्यक्रम है और वे सांसद को ले जाने आए हैं, लेकिन गिरफ्तार नहीं करेंगे। SHO मजाकिया लहजे में यह भी कहते हैं कि जरूरत पड़ी तो 'वर्दी-टोपी उतारकर फिर आ जाएंगे और यहीं आपके बगल में बैठ जाएंगे।' यह सुनकर धरने पर मौजूद सपा कार्यकर्ता ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार की बताई जा रही है। सपा का एक प्रतिनिधिमंडल बलिया सांसद सनातन पांडेय के नेतृत्व में वाराणसी के मणिकर्णिका घाट की जांच के लिए बलिया से रवाना हुआ था। लेकिन गाजीपुर के डांडी टोल प्लाजा पर बिरनो थाना प्रभारी सहित कई थानों की पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल को रोक लिया। प्रतिनिधिमंडल को रोके जाने के बाद सांसद और उनके समर्थक वहीं सड़क पर बैठकर करीब साढ़े तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहे।
सांसद के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धरने में सपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह, सदर विधायक जयकिशुन साहू, जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।
Updated on:
26 Jan 2026 08:33 pm
Published on:
26 Jan 2026 08:20 pm
बड़ी खबरें
View Allगाजीपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
