
रेल बजट में इस बार झांसी मंडल के विकास को प्राथमिकता
ग्वालियर. रेल बजट में इस बार झांसी मंडल के विकास को प्राथमिकता दी गई है। सोमवार को पिंक बुक जारी होते ही सौगातों का पिटारा खुल गया। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के लिए 2598.93 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.85 प्रतिशत अधिक है। इस बजट से स्टेशन से लेकर रेल पटरियों तक विकास कार्यों को गति मिलेगी। रेल बजट के तहत ग्वालियर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं ग्वालियर-श्योपुरकलां आमान परिवर्तन परियोजना (कोटा तक विस्तार सहित) के लिए 250 करोड़ रुपए दिए गए हैं। रेल अधिकारियों का कहना है कि बजट से यह साफ हो गया है कि अब विकास योजनाएं फाइलों में नहीं अटकेंगी, बल्कि धरातल पर काम होता दिखेगा।
बदलेगी ग्वालियर स्टेशन की सूरत
ग्वालियर स्टेशन को आधुनिक, सुविधाजनक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। यात्रियों को भारी सामान लेकर सीढ़ियां नहीं चढ़नी पड़ेगी। इसके लिए एस्केलेटर और लिफ्ट लगाए जाएंगे। स्टेशन पर हाईटेक वेटिंग रूम, डिजिटल इन्क्वायरी सिस्टम, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, नवीनीकरण के बाद ग्वालियर स्टेशन शहर की नई पहचान बनेगा।
श्योपुर से कोटा तक रेल विकास को रफ्तार
-ग्वालियर-श्योपुरकलां आमान परिवर्तन परियोजना के लिए बजट में 250 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे कोटा रेल परियोजना को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। अब तक यह परियोजना केवल योजनाओं तक सीमित थी, लेकिन ब्रॉडगेज लाइन बनने से ग्वालियर से सीधी रेल कनेक्टिविटी संभव होगी।
-ग्वालियर-श्योपुर ब्रॉडगेज परियोजना पर कुल 2350 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह परियोजना वर्ष 2018 में शुरू हुई थी। कैलारस से सबलगढ़ तक ब्रॉडगेज लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। इस वर्ष परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे इस मार्ग पर जल्द ट्रेनों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है। वर्तमान में ग्वालियर स्टेशन से कैलारस तक मेमू ट्रेन संचालित हो रही है।
इन स्टेशनों और लाइनों पर भी होगा काम, रेल बजट में झांसी मंडल के तहत
-ग्वालियर स्टेशन नवीनीकरण - 100 करोड़
-खजुराहो स्टेशन नवीनीकरण - 120 करोड़
-झांसी-बीना तीसरी लाइन - 60 करोड़
-झांसी स्टेशन नवीनीकरण - 150 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
विकास में तेजी आएगी
इस बार बजट झांसी मंडल के लिए उत्साहजनक है। मंडल में रेल विकास के कामों, स्टेशनों के नवीनीकरण और रेल लाइन के दोहरीकरण के काम तेजी से पूरे होंगे। इसके अलावा मुसाफिरों को आधुनिक और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी।
अनिरुद्ध कुमार, मंडल रेल प्रबंधक
Updated on:
03 Feb 2026 05:44 pm
Published on:
03 Feb 2026 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
