
तेज रफ्तार डंपर बना काल: CTET परीक्षा देने जा रही युवती, भाई और मौसी की दर्दनाक मौत (फोटो सोर्स : WhatsApp News Group)
Hardoi Road Accident: एक तेज रफ्तार डंपर ने शनिवार सुबह एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। सुरसा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन और उनकी मौसी की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक से जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शव सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। युवक हेलमेट पहने था, फिर भी जान नहीं बच सकी। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब युवती CTET (केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा) देने जा रही थी। परिवार में परीक्षा की तैयारी और भविष्य के सपने थे, लेकिन एक लापरवाह डंपर चालक ने सब कुछ पल भर में खत्म कर दिया।
घटना शनिवार सुबह लगभग 8:15 बजे की है। फतियापुर गांव निवासी मधु अवस्थी (23) CTET परीक्षा देने हरदोई शहर जा रही थीं। उन्हें परीक्षा केंद्र तक छोड़ने के लिए उनका छोटा भाई आदर्श अवस्थी (20) बाइक चला रहा था। बाइक पर उनकी मौसी कामिनी पांडेय (40) भी सवार थीं। परिजनों के अनुसार, आदर्श पहले मौसी को उनके ससुराल बावन चुंगी छोड़ने वाला था, फिर बहन को परीक्षा केंद्र पहुंचाना था। तीनों UP 30 CA 5328 नंबर की बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। ढोलिया चौराहे के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर (UP 30 CT 6385) ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार करीब 5 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। बाइक डंपर में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती रही। आदर्श ने हेलमेट पहना था, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने से उसका सिर फट गया,मधु और कामिनी भी बुरी तरह घायल हुईं। तीनों की कई हड्डियां टूट गईं। सड़क पर तड़पने के बाद तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर मदद को दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
लोगों ने डंपर को रोक लिया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। सूचना मिलने पर सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मृतक आदर्श के पिता अरविंद अवस्थी किसान हैं। उन्होंने बताया कि बेटा दिल्ली की फैक्ट्री में काम करता था। चचेरे भाई की परीक्षा के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। बहन को परीक्षा दिलाने जा रहा था। सोचा था बच्चों का भविष्य बनेगा, पर सब खत्म हो गया.”मधु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। मौसी कामिनी रिश्तेदारी में आई हुई थीं। एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम पसरा है।
शनिवार को CTET परीक्षा थी। मधु भी हजारों अभ्यर्थियों की तरह अपने सपनों के साथ निकली थी। परिवार ने बताया कि वह शिक्षक बनकर घर की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहती थी।
थाना प्रभारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि डंपर की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। वाहन कब्जे में है। चालक की तलाश जारी है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उस सड़क पर भारी वाहन तेज गति से गुजरते हैं। पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होती।
इस हादसे ने एक बार फिर साबित किया कि सड़क पर लापरवाही कितनी जानलेवा हो सकती है। एक भाई, जो बहन का सहारा था… एक बहन, जो परिवार का भविष्य थी… और एक मौसी, जो रिश्तेदारी निभाने आई थीं, तीनों एक साथ काल के गाल में समा गए। गांव में हर आंख नम है।
संबंधित विषय:
Published on:
07 Feb 2026 01:24 pm
बड़ी खबरें
View Allहरदोई
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
