
पाकिस्तानी नागरिक ने फैला रखा है ठगी का जाल (Photo Source- Patrika)
Fraud Network :मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में किराए पर कार लेकर उन्हें गिरवी रखने वाले जालसाज संजय करिरा उर्फ कालरा के काले कारनामों की परतें 5 करोड़ तक पहुंच चुकी हैं। अन्नपूर्णा पुलिस ने अब तक 5 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की 39 लग्जरी कारें जब्त की हैं। आरोपी 15 दिन से पुलिस रिमांड पर है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा, लेकिन न मिलने पर उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारियों को जानकारी मिली है कि, आरोपी मूल रूप से पाकिस्तानी नागरिक है और पिछले 25 साल से लॉन्ग टर्म वीजा पर इंदौर में रह रहा है। अब उसके दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि, आरोपी कालरा बेहद शातिर ढंग से वारदात को अंजाम देता था। वो भोले-भाले कार मालिकों को ऊंचे किराए का लालच देकर 11 महीने का एग्रीमेंट करवाता था। विश्वास जीतने के लिए वो 2-3 महीने समय पर किराया देता और फिर भुगतान बंद कर देता था। इसके बाद वो उन कारों को अन्य लोगों के पास भारी रकम लेकर गिरवी रख देता था। पकड़े जाने के डर से वो वाहनों में लगे जीपीएस भी निकाल देता था।
शुरुआती जांच में जानकारी सामने आई है कि, संजय कालरा मूल रूप से पाकिस्तान का निवासी है। करीब 25 साल पहले भारत आ चुका है। तभी से लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रहा है। अब उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
एसीपी शिवेंदू जोशी का कहना है कि, आरोपी ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए एग्रीमेंट में एक विशेष क्लॉज लिखवा रखा था। शर्त ये थी कि अगर मालिक अवधि पूरी होने से पहले गाड़ी वापस मांगता है तो उसे 6 महीने का किराया हर्जाने के रूप में संजय को देना होगा। इसी डर और कानूनी उलझनों के कारण पीड़ित अब तक पुलिस के पास नहीं पहुंच रहे थे। यही नहीं, विरोध करने पर वो कार मालिकों को उनकी गाड़ी अवैध कार्यों में लगवाकर फंसाने की धमकी भी देता था। आरोपी कारों को पंजाब, गोवा, हरियाणा तक भेज चुका था। अब भी कई फरियादी पुलिस के पास पहुंच रहे हैं।
रोमेन्द्र सिंह भदोरिया की शिकायत के बाद जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ी तो ठगी का बड़ा नेटवर्क सामने आया। अन्नपूर्णा थाने में अब तक आरोपी के खिलाफ 4 मामले दर्ज हो चुके हैं, जबकि 40 से अधिक अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध जूनी इंदौर, द्वारका पुरी, राजेंद्र नगर औरउज्जैन के नीलगंगा थाने सहित कुल 9 अपराध पहले से दर्ज हैं।
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई कर अब तक ऑडी, इनोवा क्रिस्टा, थार, स्कॉर्पियो-एन और फ्रोंक्स जैसी महंगी गाड़ियां बरामद की हैं। आरोपी को मंगलवार रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि, रिमांड न मिलने पर उसे जेल भेज दिया गया। जल्द ही आरोपी का रिमांड मांगा जाएगा।
Published on:
04 Feb 2026 01:02 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
