
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए बजट 2026-27 पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री निवास पर बजट भाषण सुनने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।
सीएम ने इस बजट को 'समावेशी, प्रगतिशील और दूरदर्शी' करार देते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत करने वाला है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल वित्तीय विवरण नहीं, बल्कि भविष्य के भारत का खाका है। उन्होंने ट्वीट किया कि यह बजट बुनियादी ढांचे से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), और ग्रामीण समृद्धि से लेकर पर्यटन तक हर उस क्षेत्र को छूता है जो राजस्थान के विकास के लिए अनिवार्य है। सीएम ने बजट के तीन मुख्य कर्तव्यों—निवेश व रोजगार, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, और सबका साथ-सबका विकास—पर विशेष जोर दिया।
इधर राजस्थान की वित्त मंत्री दिया कुमारी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, 'विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करने वाला केंद्रीय बजट 2026-27 देश के उज्ज्वल भविष्य की स्पष्ट झलक प्रस्तुत करता है। आज इस जनकल्याणकारी बजट को लाइव देखने का अवसर मिला, जिसमें भारत के समग्र विकास की दूरदृष्टि साफ दिखाई देती है।'
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की ओर तेज़ी से अग्रसर है। उनकी सोच “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को साकार करता यह बजट राष्ट्र निर्माण की सामूहिक भावना को और मजबूती देता है।
दिया कुमारी ने आगे कहा, 'केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के साथ-साथ किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करता है। नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार, युवाओं के सपनों को नई उड़ान और राष्ट्र की आर्थिक शक्ति को सशक्त बनाने की स्पष्ट झलक इस बजट में दिखाई देती है।'
Updated on:
01 Feb 2026 05:28 pm
Published on:
01 Feb 2026 03:03 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
