
जयपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर धमाका (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक फैक्टरी में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। तेज धमाके के कारण फैक्टरी का टिन शेड पूरी तरह उखड़ गया और एक दीवार ढह गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि फैक्टरी मैनेजर सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दमकल की गाड़ियां भी तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर-17 स्थित करणी विहार कॉलोनी के पास बनी एक फैक्टरी में हुआ, जहां नियमित रूप से ऑक्सीजन सिलेंडर भरे जाते हैं। शनिवार शाम करीब 7:45 बजे सिलेंडर भरने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया।
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया कि हादसे में झारखंड निवासी मजदूर मुन्ना राय की मौके पर ही मौत हो गई। घायल होने वालों में फैक्टरी मैनेजर विनोद गुप्ता (45) और एक अन्य कर्मचारी शिबू उर्फ अनुवा शामिल हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह फैक्टरी संतोष गुप्ता के स्वामित्व की बताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की दीवारों में दरारें पड़ गईं और कई दुकानों के शटर टूट गए। फैक्टरी की सीमेंट शीटें उड़कर करीब 30 मीटर दूर कॉलोनी में जा गिरीं। सड़क पर कांच के टुकड़े बिखर गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
पास में रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने कहा कि धमाका इतना तेज था कि उनका पूरा मकान हिल गया। उन्होंने फैक्टरी को रिहायशी इलाके से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं और ऐसे हादसे किसी भी समय बड़ी तबाही का कारण बन सकते हैं।
Updated on:
31 Jan 2026 10:53 pm
Published on:
31 Jan 2026 10:50 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
