10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ग्रामीणों ने पकड़ा नकली घी, किया रोड जाम: फूड सेफ्टी टीम पहुंची 11 घंटे लेट, सिर्फ आधा किलो घी बताया मौके पर, गांव वालों ने लगाए आरोप, कहा: सब मिलीभगत का खेल

ग्रामीण सोहनदास व अन्य का कहना है कि मौके पर बड़ी संख्या में नकली घी था और अन्य सामान था। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले को दबाया जा रहा है।

2 min read
Google source verification
PATRIKA PHOTO

PATRIKA PHOTO

जयपुर। राजधानी में नकली घी का कारोबार अब गांवों में भी फैल गया है। हालांकि फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट नकली घी को पकड़ने में फेल साबित हुआ है। लेकिन ग्रामीणों ने नकली घी को पकड़ लिया है। मामला किशनगढ़ रेनवाल के भैंसलाना का है। जहां शुक्रवार को ग्रामीणों ने सुबह करीब 11 बजे नकली घी पकड़ा। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन और रोड जाम करने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम 11 घंटे लेट मौके पर पहुंची। रात करीब 10 बजे टीम पहुंची। जिसके बाद टीम को मौके पर सिर्फ आधा किलो नकली घी मिला। वहीं ग्रामीण सोहनदास व अन्य का कहना है कि मौके पर बड़ी संख्या में नकली घी था और अन्य सामान था। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले को दबाया जा रहा है। बड़ी मात्रा में नकली घी मौके पर था। ग्रामीणों ने मिलीभगत के आरोप लगाए है।

सूचना ही लेट मिली थी, क्या करते

फूड सेफ्टी ऑफिसर विनोद थारवान से लेट पहुंचने के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना ही ​लेट मिली थी। वह क्या करते, जैसे सूचना मिली, वैसे ही मौके पर पहुंच गए। कंट्रोल रूम को सूचना कब मिली ? थारवान को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें मौके पर सिर्फ 500 ग्राम नकली घी मिला। जिसे सीज ​कर दिया गया है। इसके अलावा मिलावटी घी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए है।

खाद्य सुरक्षा विभाग का फेलियर

नकली घी सप्लाई मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग का फेलियर सामने आ रहा है। बड़ी मात्रा में रेनवाल थाना इलाके में नकली घी की सप्लाई हो रही थी और विभागीय अधिकारी नींद में सो रहें थे। उन्हें कभी मालूम ही नहीं चला कि लोगों को असली के नाम पर नकली घी का जहर खिलाया जा रहा है।

कुरकुरे से धंधा शुरू, फिर बनाने लगा नकली घी

आरोपी ड्योढ़ी निवासी ओमपाल कुमावत है। जिसने करीब छह महीने पहले भैंसलाना में किराये से मकान लिया। पहले ओमपाल कुरकुरे बेचता था। बाद में ओमपाल ने नकली घी बनाने और बेचने का धंधा शुरू कर दिया। गांव वालों को शक तब हुआ जब वह दुकानों से तेल के पीपे खरीदने लगा। 15 दिन से गांव वाले रैकी कर रहे थे। शुक्रवार को ग्रामीणों ने ओमपाल को पकड़ा तो मकान में हजारों की संख्या में नकली कृष्णा और सरस के कागज के रेफर मिले। जिसमें नकली घी को पैक कर बाजार में सप्लाई किया जाता था।

बोली एसएचओ, अब करेंगे गिरफ्तार

थानाधिकारी नरेश कंवर ने बताया कि सरस डेयरी के प्रतिनिधि की ओर से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी ओमपाल को हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। जिसे अब गिरफ्तार किया जाएगा। मौके पर दो पीपे डालडा घी, एक ऑयल का पीपा, मशीन, नकली रेफर आदि मिले है।

इनका कहना है

मुझे सूचना दोपहर करीब तीन बजे मिली थी। उसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया था। मौके पर कितना नकली घी मिला है। इसकी जानकारी लेता हूं।

मनीष मित्तल
सीएमएचओ, जयपुर ग्रामीण