4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोहनगढ़ पहुंचे भारतीय वन सेवा के 65 प्रशिक्षु अधिकारी, 128 ईटीएफ के कार्यों का किया अध्ययन

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय वन सेवा के 65 प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल मोहनगढ़ पहुंचा। 15 राज्यों से आए इन प्रशिक्षु अधिकारियों के दल का नेतृत्व अकादमी की सचिव एवं कोर्स डायरेक्टर अजीता लोंगजाम कर रही थीं।

2 min read
Google source verification

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय वन सेवा के 65 प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल मोहनगढ़ पहुंचा। 15 राज्यों से आए इन प्रशिक्षु अधिकारियों के दल का नेतृत्व अकादमी की सचिव एवं कोर्स डायरेक्टर अजीता लोंगजाम कर रही थीं। मोहनगढ़ की आरसीपी कॉलोनी स्थित 128 ईटीएफ (इको टास्क फोर्स) के मुख्यालय पहुंचने पर बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मोहन सिंह राठौड़ के निर्देश पर दल का स्वागत किया गया।

भ्रमण के दौरान 128 ईटीएफ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मोहनसिंह राठौड़ के निर्देशन में बटालियन अधिकारियों ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बटालियन की नर्सरी, गुलाब गार्डन, फल गार्डन, वेटीवर घास, खजूर गार्डन का भ्रमण करवाने के साथ ही विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधों के बीज तैयार करने की विधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षु अधिकारियों को थार मरुस्थल की विषम एवं दुर्गम परिस्थितियों में पौधरोपण की तकनीक, पौध संरक्षण, पौध तैयार करने, सीड बॉल निर्माण, नर्सरी विकास, सिंचाई व्यवस्था एवं आधुनिक संरक्षण तकनीकों से अवगत कराया गया।

इसके साथ ही क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों एवं उनके पर्यावरणीय महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी की सचिव अजीता लोंगजाम ने थार मरुस्थल में 128 ईटीएफ की ओर से किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण कार्यों को सराहनीय बताया। कर्नल मोहनसिंह राठौड़ ने कहा कि भारतीय सेना का मूल मंत्र ‘नेशन फर्स्ट’ है और इसी भावना के तहत 128 ईटीएफ थार मरुस्थल को हरा-भरा बनाने के लिए निरंतर कठिन परिश्रम कर रही है, जिससे पर्यावरण को मजबूती मिल रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम इंटीग्रेटेड अप्रोच फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट ऑफ फ्रैजाइल डेजर्ट इको सिस्टम विषय पर आधारित है। भ्रमण के दौरान दल में ग्रुप लीडर दिव्यांशु पाल नागर, अतिरिक्त ग्रुप लीडर शिशिरा टीएस, राजस्थान कैडर के प्रशिक्षु आइएफएस सौरभ राय राठौड़ एवं योगेश राजोरिया शामिल रहे। इस अवसर पर 128 ईटीएफ के लेफ्टिनेंट कर्नल पवन टोकस, मेजर अनंत कुमार सिंह, मेजर योगेंक गुप्ता, वन विभाग के एसीएफ तेजेंद्र कुमार ग्रोवर, मोहनगढ़ क्षेत्रीय वन अधिकारी हनुमान राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षु अधिकारियों के दल ने इंदिरा गांधी नहर के अंतिम छोर जीरो आरडी का भी भ्रमण किया।