6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jodhpur Crime: जोधपुर में भारी बवाल, JCB से 7 वाहनों को कुचला, डंपर किया आग के हवाले, भारी पुलिस बल तैनात

केरू चोपड़ में पत्थर के अवैध खनन को लेकर चल रहे विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले गया। पथराव के बाद उपजे हालात में सात वाहन कुचल दिए गए और एक डम्पर को आग के हवाले कर दिया गया।

2 min read
Google source verification
Illegal mining, illegal mining in Jodhpur, illegal mining in Rajasthan, chaos in Jodhpur, dumper burnt in Jodhpur, Jodhpur news, Rajasthan news, अवैध खनन, अवैध खनन इन जोधपुर, अवैध खनन इन राजस्थान, जोधपुर में बवाल, जोधपुर में डंपर फूंका, जोधपुर न्यूज, राजस्थान न्यूज

जलता हुआ डंपर। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत केरू चोपड़ में पत्थर के अवैध खनन को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार को बवाल हो गया। पथराव और हमले के दौरान एक पक्ष के लोग वाहन छोड़कर भाग गए, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने उन्हीं की जेसीबी से सात वाहनों को कुचल दिया। एक डम्पर को आग के हवाले कर दिया गया। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हमलावर अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं।

पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार केरू चोपड़ में बुधाराम गोदारा पत्थर का खनन करता है। ठीक पास में सरकारी जमीन है। इसी जमीन पर खनन को लेकर बुधाराम और गांव के पूर्व सरपंच के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे बुधाराम और उसके तीन-चार साथी उक्त जमीन पर मौजूद थे। इससे दूसरे पक्ष को अवैध खनन की आशंका हुई। चार-पांच वाहनों में सवार होकर वे लोग मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को भगाने के लिए पथराव शुरू कर दिया।

दोनों पक्ष आमने-सामने

इससे मौके पर हड़कंप मच गया और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पथराव और हमले का कुछ देर तक प्रतिरोध किया गया, लेकिन संख्या अधिक होने से दूसरे पक्ष का पलड़ा भारी पड़ने लगा। घबराकर वहां मौजूद लोग अपने वाहन छोड़कर भाग गए। इसका फायदा उठाकर स्थानीय लोगों ने मौके पर खड़ी जेसीबी को स्टार्ट किया और एक के बाद एक तीन एसयूवी और तीन बोलेरो कैम्पर को कुचल दिया, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

खनन क्षेत्र में खड़े एक डम्पर को भी आग लगा दी गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। बाद में जेसीबी को भी पलट दिया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों में एक गाड़ी दूसरे पक्ष की भी बताई जा रही है। सूचना मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त प्रतापनगर रविन्द्र बोथरा और राजीव गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर और दोनों पक्षों के लोग फरार हो चुके थे। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने हमलावरों की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

चोपड़ में तनावपूर्ण शांति, पुलिस तैनात

पुलिस ने विवाद की जड़ का पता लगाने के लिए देर शाम खनिज विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने भिजवाया गया। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

सरपंच की हो चुकी हत्या, जला दिए थे घर व वाहन

18 मई 2022 को केरू के तत्कालीन सरपंच सुरेश चौधरी की कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर यह हत्या की गई थी। इसके बाद गांव में भारी बवाल मच गया था। गुस्साए ग्रामीणों ने पांच मकान और दस से अधिक वाहन जला दिए थे।