
खंडवा. पुलिस ने पकड़ी थी अवैध पटाखा फैक्ट्री। इनसेट में आरोपी इमरान। फाइल चित्र।
अवैध पटाख फैक्ट्री संचालक आखिरकार पुलिस के हाथ लग ही गया। कोतवाली पुलिस ने अवैध बारूद के सौदागर आरोपी इमरान को रविवार रात महाराष्ट्र सीमा पर डेेढ़ तलाई के पास से हिरासत में लिया है। पुलिस सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेगी। वहीं, इस मामले में आरोपी इमरान के पार्टनर जीतू भाटी की भी तलाश की जा रही है।
कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को सिहाड़ा रोड स्थित सम्यक गोल्ड कॉलोनी के सूने क्लब हाउस में सुतली बम बनाने के लिए अवैध रूप से संग्रहण कर रखा 20 टन बारूद बरामद किया था। यहां पिकअप वाहन चालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिसने खुलासा किया था कि सुतली बम बनाने का काम कांग्रेस नेता इमरान परियानी करवा रहा है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। आरोपी इमरान महाराष्ट्र भाग गया था, जिसकी खोज में पुलिस पांच दिन से भटक रही थी। रविवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की आरोपी इमरान अपने वाहन से डेढ़ तलाई के लिए निकला है। पुलिस ने घात लगाकर आरोपी को धरदबोचा।
ऐसे जुड़े अवैध पटाखा फैक्ट्री के तार
मंगलवार को पुलिस ने पिकअप वाहन चालक अरबाज को गिरफ्तार किया था। अरबाज ने पूछताछ में आरोपी इमरान परियानी और नवीन यादव का नाम लिया था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी नवीन यादव को भी खंडवा से धरदबोचा था, जिसे पांच दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। नवीन ने बताया था कि अवैध बारूद की सप्लाय का काम इंदौर के जीतू भाटी का है, वो उसके पास ही काम करता है। मामले में पुलिस ने जीतू भाटी को भी आरोपी बनाया है। जीतू भाटी की पीथमपुर में अगरबत्ती बनाने की फैक्ट्री बताई जा रही है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इमरान से भी पूछताछ में कई खुलासे हो सकते है।
इमरान को किया गिरफ्तार
अवैध बारूद संग्रहण के मुख्य आरोपी इमरान परियानी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। वहीं, दूसरे आरोपी जीतू भाटी की भी तलाश की जा रही है। अवैध बारूद कहां से आ रहा था, इसका भी खुलासा पूछताछ में किया जाएगा।
प्रवीण आर्य, निरीक्षक कोतवाली टीआइ
Updated on:
02 Feb 2026 11:55 am
Published on:
02 Feb 2026 11:50 am
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
