2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota: शादी में पहुंची पुलिस तो बदल दी दुल्हन, बच्चा होने के बाद पीहर आई शादीशुदा युवती को बैठाया मंडप में

Kota Child-Marriage Case: कोटा में नाबालिग की शादी होने का मामला सामने आया है, जहां परिजनों ने चाइल्ड लाइन और पुलिस की टीम को धोखा देकर एक शादीशुदा महिला को दुल्हन के रूप में पेश कर दिया।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Jan 30, 2026

Bride-Groom

AI जनरेटेड तस्वीर

Bride Change In Marriage: कोटा जिले के एक कस्बे में नाबालिग की शादी होने का मामला सामने आया है। इसमें गौर करने की बात ये है कि इस विवाह की सूचना पर पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन इसकी भनक लगते ही परिजनों ने दुल्हन को ही बदल दिया और टीम के सामने दूसरी महिला को दुल्हन बताकर पेश कर दिया।

ऐसे में टीम ने मौके पर मौजूद दुल्हन के दस्तावेजों की जांच की और उसे बालिग पाकर वहां से लौट गई। आरोप है कि टीम के जाने के बाद परिजनों ने नाबालिग की शादी करवा दी।

मामले की दोबारा शिकायत मिलने के बाद चाइल्ड लाइन ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर इसकी जांच करवाने की मांग की है। इसके बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक बार फिर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे उजागर हुआ पूरा मामला

शिकायतकर्ता ने बताया कि नाबालिग की शादी होने की सूचना चाइल्ड लाइन को दी गई थी। इसके बाद चाइल्ड लाइन की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर मौजूद दुल्हन के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें वह बालिग निकली।

इसके बाद टीम ने शिकायतकर्ता को यह जानकारी दी कि दुल्हन बालिग है, इसलिए किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा सकती। फिर शिकायतकर्ता ने मामले की दोबारा जानकारी जुटाई, तो सामने आया कि जब टीम मौके पर पहुंची थी, तब परिजनों ने नाबालिग की जगह एक शादीशुदा महिला को दुल्हन बताकर पेश कर दिया था।

जबकि जिस नाबालिग की शादी होने की सूचना दी गई थी, उसकी शादी टीम के जाने के बाद करवा दी गई। शादी के बाद नाबालिग अपने पीहर आ गई। इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने दोबारा चाइल्ड लाइन को शिकायत दी, जिस पर पुनः जांच शुरू की गई है।

जिसे दिखाया, उसकी तो 2023 में हो चुकी शादी

शिकायतकर्ता ने बताया कि परिजनों ने जिस महिला को टीम के सामने दुल्हन बताया था, उसकी शादी वर्ष 2023 में ही हो चुकी है। इतना ही नहीं, उस महिला का हाल ही में बच्चा भी हुआ है और वह अपने पीहर आई हुई थी।

शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले से जुड़े फोटो और महिला के पहले से शादीशुदा होने के प्रमाण पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम को सौंपे हैं। फोटो और दस्तावेज सामने आते ही पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम हरकत में आ गई है और परिजनों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीण एसपी को पत्र लिखा

जैसे ही यह जानकारी सामने आई कि जिस युवती को परिजनों ने टीम के सामने दुल्हन के रूप में पेश किया था, वह पहले से ही शादीशुदा है और नाबालिग की शादी कर दी गई है, चाइल्ड लाइन की ओर से ग्रामीण एसपी को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच करवाने की मांग की गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि नाबालिग की शादी हुई है या नहीं।
नरेश मीणा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चाइल्ड लाइन

जांच कर रहे हैं

शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन दुल्हन बालिग होने की जानकारी मिलने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। बाद में यह सामने आया कि वह दुल्हन नहीं थी। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नाबालिग के बयान लिए जाएंगे, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुजीत शंकर, ग्रामीण एसपी कोटा

(पुलिस इस गंभीर मामले की जांच कर रही है। इसलिए किसी भी पक्ष की पहचान उजागर नहीं की गई है।)