
Photo: AI generated
Kota News: कोटा संभाग के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कोटा से दिल्ली के बीच अगले माह से वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने लक्ष्य तय किया है कि जनवरी के अंत तक शेष बचे कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। जिससे कोटा संभाग के लोगों को सीधे दिल्ली तक बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
लाखेरी (बूंदी) और सवाई माधोपुर के बीच चल रहा निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। दावा किया गया है कि 31 जनवरी से पहले इस हिस्से का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। वर्तमान में इस छोटे से टुकड़े के अधूरे होने के कारण ट्रैफिक को डाइवर्ट करना पड़ता है, लेकिन फरवरी की शुरुआत से वाहन चालक बिना किसी बाधा के सीधे दिल्ली की ओर बढ़ सकेंगे।
एक्सप्रेस-वे पर आवागमन शुरू होने से कोटा संभाग के लोगों को न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा भी अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगी। वर्तमान में कोटा से दिल्ली पहुंचने में करीब 9 घंटे का समय लगता है। लेकिन, एक्सप्रेस-वे के चालू होने के बाद यह सफर करीब 5 में पूरा होगा।
दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे का यह हिस्सा कोटा संभाग के लिए विकास की नई राह खोलेगा। इससे व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के क्षेत्र में भी नए अवसर खुलने की उम्मीद है। सुगम परिवहन व्यवस्था से न केवल लोगों को फायदा होगा, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
एक्सप्रेस-वे के दूसरे छोर यानी झालावाड़ की तरफ भी काम तेजी से चल रहा है। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व से गुजरने वाली दरा टनल का कार्य भी मार्च तक पूरा होने की संभावना है। यह टनल परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है, क्योंकि इसके पूरा होने से झालावाड़ और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी।
दिल्ली में कालिंदी कुंज से दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे को जोड़ा जा रहा है। इसके बाद दिल्ली-मुंबई के बीच इस आठ लेन एक्सप्रेस वे की लंबाई करीब 1400 किमी हो जाएगी।राजस्थान में इस एक्सप्रेस वे की लंबाई करीब 373 किमी है। बड़े शहरों से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस वे भी बनाए जा रहे हैं। जयपुर से यह एक्सप्रेस वे जोड़ा जा चुका है।
Updated on:
28 Jan 2026 03:51 pm
Published on:
27 Jan 2026 08:16 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
