लखनऊ, Jun 01, 2026

यूपी ATS (फाइल फोटो- पत्रिका)
उत्तर प्रदेश ATS ने देश के खिलाफ साजिश रच रहे आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई (Action Against Terrorists) की है। यूपी ATS ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ से संदिग्ध आतंकी (Suspected Terrorist Arrest in Azamgarh) को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए संदिग्ध की पहचान निजामाबाद इलाके के खुदादादपुर निवासी मोहम्मद शेख के रूप में हुई है।
गिरफ्तार किया गया संदिग्ध आतंकी मोहम्मद शेख पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई (ISI) के आतंकी नेटवर्क से जुड़ा था। इस आतंकी को रविवार को गिरफ्तार किया गया था। अब इसकी जानकारी सामने आई है। आतंकी मोहम्मद शेख के पास से 9 एमएम पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। ATS ने संदिग्ध आतंकी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
एडीजी कानून-व्यवस्था एवं STF चीफ अमिताभ यश ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया गया है। मोहम्मद शेख, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और ISI के साथ मिलकर भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। वह सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवकों को कट्टरपंथी बना रहा था। मोहम्मद शेख धार्मिक भावनाएं भड़का कर और पैसे का लालच देकर युवाओं को स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल करता था।
यह आतंकी नेटवर्क पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक सक्रिय है। आरोपी युवकों को महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संस्थानों, राजनेताओं और सुरक्षा बलों की रेकी करने तथा राजनीतिक दलों के कार्यालयों को बम से उड़ाने की ट्रेनिंग दी जा रही थी। शहजाद भट्टी पाकिस्तान और दुबई से भारतीय युवकों को निर्देशित कर रहा था।
मोहम्मद शेख, शहजाद भट्टी के नेटवर्क से व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान और दुबई स्थित नंबरों पर संपर्क में था। ट्रायल के तौर पर उसे दूसरे राज्य की एक प्रमुख महिला राजनीतिक नेता को धमकाने और मारने का काम सौंपा गया था। इसके लिए उसने 9 एमएम पिस्टल और कारतूस भी जुटा लिए थे।
एटीएस की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर शेख को गिरफ्तार किया। मोहम्मद शेख के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर ISI हैंडलर्स, अन्य साथियों और पूरी साजिश की जानकारी हासिल करेगी। मामले की जांच जारी है।
संबंधित विषय:
Updated on: 02 Jun 2026 12:05 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।