5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रात के सन्नाटे में थाने पहुंचीं दो युवतियां, बोलीं- हम पति-पत्नी हैं, अब कोई जुदा नहीं कर सकता

Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद में दो युवतियां घर छोड़कर थाने पहुंचीं और अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए खुद को पति-पत्नी बताया।

2 min read
Google source verification
moradabad two girls reach police station love case

अब कोई जुदा नहीं कर सकता | AI Generated Image

Moradabad Love Case:मुरादाबाद जिले में रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो 26 वर्षीय युवतियां सीधे बिलारी थाने पहुंचीं और अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की। युवतियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अब पति-पत्नी की तरह जीवन भर साथ रहना चाहती हैं और कोई भी उन्हें अलग नहीं कर सकता। थाने में उनकी बात सुनकर पुलिस भी कुछ देर के लिए हैरान रह गई, क्योंकि मामला सिर्फ गुमशुदगी का नहीं बल्कि सामाजिक और कानूनी पहलुओं से भी जुड़ा हुआ था।

अचानक लापता होने से दोनों परिवारों में बेचैनी

युवतियों के अचानक लापता होने से दोनों परिवारों में बेचैनी फैल गई थी। एक युवती की गुमशुदगी मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कराई गई, जबकि दूसरी युवती की रिपोर्ट रामपुर जिले के टांडा थाने में दर्ज हुई। परिजन दिन-रात उनकी तलाश में जुटे रहे और पुलिस टीमें भी संभावित ठिकानों पर छानबीन करती रहीं।

बुआ के घर से शुरू हुई दोस्ती

पुलिस जांच में सामने आया कि भगतपुर क्षेत्र की युवती करीब एक साल पहले अपनी बुआ के घर, जो रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र में है, गई थी। वहां उसकी मुलाकात बुआ के घर के सामने रहने वाली दूसरी युवती से हुई। पांच दिनों की मुलाकात ने दोनों के बीच दोस्ती की शुरुआत कर दी। दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए और घर लौटने के बाद भी बातचीत जारी रही।

फोन कॉल से मुलाकातों तक बढ़ी नजदीकियां

परिजनों ने कई बार दोनों को फोन पर बात करते हुए देखा, लेकिन सहेली समझकर उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। समय के साथ रामपुर की युवती कई बार भगतपुर क्षेत्र में मिलने आई। इन मुलाकातों के दौरान दोनों के बीच भावनात्मक नजदीकियां बढ़ती गईं और उन्होंने एक साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया।

31 जनवरी की सुबह लिया घर छोड़ने का फैसला

31 जनवरी की सुबह दोनों युवतियों ने अपने-अपने घरों से निकलने का कदम उठाया। एक युवती भगतपुर से और दूसरी टांडा क्षेत्र से निकलकर मुरादाबाद पहुंच गई। यहां दोनों ने एक-दूसरे की मांग भरकर खुद को पति-पत्नी की तरह स्वीकार करने का दावा किया। उनके इस कदम की जानकारी मिलने पर परिजन और पुलिस दोनों ही सकते में आ गए।

वन स्टॉप सेंटर और कोर्ट तक पहुंचा मामला

रविवार रात थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षा के मद्देनजर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। सोमवार को भगतपुर थाने की पुलिस और परिजन वहां पहुंचे और युवती से बात कर उसे घर लौटने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अड़ी रहीं। मंगलवार को पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया और कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए।

हम बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं

कोर्ट में दिए गए बयान में युवती ने कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी सहेली से शादी कर ली है। दोनों ने साफ तौर पर कहा कि वे अपनी मर्जी से साथ रहना चाहती हैं। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर दोनों युवतियां एक साथ चली गईं। इस दौरान किसी भी युवती के परिजन कोर्ट में मौजूद नहीं थे।

पुलिस का बयान

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि भगतपुर क्षेत्र की युवती के बयान दर्ज कराए गए थे और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। बयान के बाद युवती रामपुर की युवती के साथ चली गई। पुलिस का कहना है कि मामला अब कानूनी दायरे में है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।