5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी में मौसम का दोहरा वार: बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट, कई जिलों में चेतावनी जारी

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिज़ाज बदला हुआ है। कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

2 min read
Google source verification
Rain Alert: Western disturbance may cause rain today

मौसम का दोहरा वार | Image - Pinterest

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं ठंड और घने कोहरे का असर बना हुआ है, तो कहीं बारिश और सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है।

सोमवार सुबह कई जिलों में दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने बुंदेलखंड और मध्य यूपी के कुछ जिलों के लिए बारिश के साथ ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।

सुबह घने कोहरे ने थामा जनजीवन

सोमवार तड़के अलीगढ़, सरसांवा आईएएफ, आगरा आईएएफ और हिंडन आईएएफ क्षेत्रों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। आगरा में 20 मीटर, अलीगढ़ में 30 मीटर और मुरादाबाद में 40 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। मुजफ्फरनगर और मेरठ में यह आंकड़ा 50 मीटर रहा, जबकि बरेली में 60 मीटर दृश्यता दर्ज हुई। अयोध्या, कुशीनगर, फुर्सतगंज, आजमगढ़ और चित्रकूट में भी कोहरे का असर बना रहा। कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, बलिया और वाराणसी में हल्का कोहरा छाया रहा।

बीते 24 घंटों की बारिश

प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। ललितपुर जिले के महरोनी में सबसे अधिक 13 मिमी और मड़ावरा में 10 मिमी वर्षा हुई। अमरोहा में 4 मिमी, नौगांवा सादात में 3 मिमी, गुन्नौर (संभल) में 1.2 मिमी और लोनी (गाजियाबाद) तथा दादरी (गौतम बुद्ध नगर) में 1-1 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुलपहाड़ (महोबा) में भी 1 मिमी वर्षा हुई।

मुरादाबाद वेधशाला में 0.8 मिमी, आगरा वेधशाला में 0.7 मिमी, पाली (ललितपुर) में 0.6 मिमी और झांसी में 0.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, आगरा के खेरागढ़ और एत्मादपुर, अलीगढ़ के इगलास, बुलंदशहर के स्याना, हाथरस के सादाबाद, ललितपुर शहर और महोबा के चरखारी में नाममात्र बारिश दर्ज हुई।

तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ी ठंड और गर्मी

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो मेरठ में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम होकर 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलीगढ़ में यह सामान्य से 5.3 डिग्री कम होकर 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान रहा। वहीं बहराइच, लखनऊ और बाराबंकी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया, जिससे कुछ क्षेत्रों में दिन के समय हल्की गर्मी का एहसास हुआ।

ओलावृष्टि और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी

अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में बारिश के साथ ओले गिरने की प्रबल संभावना है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, कानपुर, उन्नाव और रायबरेली में मेघगर्जन के साथ वज्रपात का खतरा जताया गया है। प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इन जिलों में कोहरे का बना रहेगा असर

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर और मुरादाबाद बेल्ट में देर रात से सुबह तक बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, अयोध्या, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा और मथुरा में भी दृश्यता काफी कम रह सकती है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।