
तारीख: 6 अक्टूबर, 2025। वक्त:रात का वो पहर जब दिल्ली की रफ्तार थमने लगती है। गांधी विहार की गली नंबर-5 में उस वक्त सन्नाटा पसरा हुआ था। तभी रात की उस खामोशी को चीरते हुए एक जोरदार धमाके की आवाज आती है। पल भर में ही आसमान काले धुएं से भर जाता है। चीख-पुकार मचती है, लोग बाल्टियां लेकर दौड़ते हैं, दमकल की गाड़ियां आती हैं, आग बुझाई जाती है और मलबे के बीच मिलता है एक झुलसा हुआ शव।
शुरुआती जांच में इसे 'AC ब्लास्ट' मान लिया जाता है। मरने वाला शख्स था रामकेश मीणा, जो दिल्ली में रहकर देश की सबसे कठिन परीक्षा (UPSC) की तैयारी कर रहा था। लेकिन दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को कुछ खटक रहा था।
घटना के तुरंत बाद मिले सीसीटीवी फुटेज ने जांच की पूरी दिशा ही बदल दी। CCTV में देखा गया कि ब्लास्ट से ठीक पहले चेहरा ढंके 2 लोग और एक लड़की घर से बाहर निकल रहे हैं। यहीं से पुलिस का शक गहरा गया।
जांच में पता चला कि रामकेश वहां अकेला नहीं रहता था। उसके साथ उसकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान रहती थी। अमृता चौहान (21) ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड सुमित कश्यप और उसके दोस्त संदीप के साथ मिलकर मर्डर की प्लानिंग की। अमृता फोरेंसिक साइंस की छात्रा है और उसने अपराध को “हादसा” दिखाने के तरीके क्राइम वेब-सीरीज देखकर सीखे। इसके बाद जब इनके फोन ट्रेस किए गए तो सभी के फोन स्विच ऑफ मिले। इसके बाद पुख्ता हो गया कि ये हादसा नहीं हत्या है। पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए सभी को एक-एक करके गिरफ्तार कर लिया।
प्यार जब जुनून बन जाए और जुनून अपराध में बदल जाए, तो अंजाम सिर्फ तबाही होता है। आज के क्राइम एपिसोड में हम आपको ऐसी ही एक कहानी बता रहे हैं- मुरादाबाद की अमृता चौहान की, जिसकी मोहब्बत ने कई जिंदगियां बर्बाद कर दीं और आखिरकार उसे तिहाड़ जेल तक पहुंचा दिया।
अमृता चौहान मुरादाबाद की रहने वाली है। उसकी फैमिली मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में पीतल नगरी में रहती है। परिवार पढ़ा-लिखा है। माता-पिता स्कूल चलाते हैं, भाई पढ़ाई में लगे हैं। लेकिन 17 साल की उम्र में शुरू हुए एक रिश्ते ने पूरी जिंदगी बदल दी।
परिवार के मुताबिक, साल 2019 में अमृता की जिंदगी में शादीशुदा गैस डिलीवरी बॉय सुमित कश्यप की एंट्री हुई। बस यहीं से हमारी बेटी के कदम ऐसे डगमगाए कि फिर कभी वो संभल नहीं सकी। आज उसकी नादानी ने उसे तिहाड़ जेल की सलाखों में पहुंचा दिया।
परिवार के मुताबिक, सुमित से अमृता की मुलाकात एक सहेली के जरिए हुई और धीरे-धीरे बातचीत अफेयर में बदल गई। एक रात पिता ने अमृता को फोन पर बात करते पकड़ लिया। मोबाइल छीना तो आरोप है कि सुमित ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। शिकायत की गई कि माता-पिता बेटी के साथ मारपीट कर रहे हैं। किसी तरह पुलिस को समझाकर मामला शांत कराया गया, लेकिन परिवार को पहली बार अंदेशा हो गया कि मामला सामान्य नहीं है।
इंटर पास करने के बाद 2021 में अमृता का दाखिला तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में BSc फोरेंसिक साइंस में कराया गया। घरवाले रोज बस में बैठाकर भेजते रहे, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि वह क्लास जाने के बजाय रास्ते में उतरकर सुमित के साथ चली जाती थी। पूरा साल कॉलेज न जाने की बात फीस जमा करते वक्त सामने आई।
जब परिवार ने सवाल किए तो अमृता ने सुमित पर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया। पुलिस में शिकायत भी दी गई लेकिन बाद में रेप की बात हटाकर मारपीट और छेड़छाड़ की बात रहने दी गई। इसमें सुमित ने कोर्ट में सरेंडर करके जमानत करा ली।
कुछ समय बाद अमृता ने घरवालों को नींद की गोलियां देकर 20 हजार रुपये कैश और जेवर लेकर घर छोड़ दिया। बाद में माता-पिता पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत भी कर दी। पिता का कहना है कि बेटी ने उनके खिलाफ गवाही दी, जिससे टूटकर उन्होंने उससे कानूनी तौर पर रिश्ता खत्म कर लिया।
करीब दो साल तक अमृता शादीशुदा सुमित के साथ लिव-इन में रही। जब वहां भी भविष्य नजर नहीं आया, तो वह घर लौटी। परिवार ने फिर माफ किया, पढ़ाई का इंतजाम किया, लेकिन सुमित से उसका संपर्क कभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
अगस्त 2025 में अमृता डेटा एनालिसिस कोर्स के बहाने दिल्ली पहुंची। वहां उसकी मुलाकात यूपीएससी छात्र रामकेश से हुई और दोनों लिव-इन में रहने लगे। परिवार का दावा है कि अमृता इस रिश्ते में खुश थी और शादी को लेकर भी बात चल रही थी। लेकिन यहीं उसकी जिंदगी का सबसे खौफनाक मोड़ आया।
परिवार का आरोप है कि सुमित को अमृता और रामकेश के रिश्ते की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उसने हत्या की साजिश रची। 6 अक्टूबर को दिल्ली में अमृता, सुमित और उसके साथी संदीप ने मिलकर रामकेश की हत्या कर दी।
हत्या के बाद अमृता ने परिवार को बताया कि फ्लैट में एसी फटने से आग लगी और हादसे में रामकेश की मौत हो गई। सच तब सामने आया, जब 17 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस मुरादाबाद पहुंची। अगले दिन पिता खुद अमृता को दिल्ली ले गए और पुलिस के सामने सरेंडर कराया।
पूछताछ में अमृता चौहान ने बताया कि मृतक रामकेश ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो खींची थी और उसे लैपटॉप में रखा हुआ था। जब अमृता ने फोटो और वीडियो डिलीट करने को कहा, तो रामकेश ने मना कर दिया, जिसके बाद हत्या का प्लान बनाया। अमृता ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए कई क्राइम सीरीज देखी थीं, जिससे उसे आइडिया आया।
Updated on:
02 Feb 2026 03:44 pm
Published on:
02 Feb 2026 03:41 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
