
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: फोटो पत्रिका नेटवर्क
डीडवाना-कुचामन। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। हमारी सरकार गांवों के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में लगाए जा रहे ग्राम उत्थान शिविर सरकार की जनता के प्रति जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इन शिविरों में जाकर सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी लें और उनका भरपूर लाभ उठाएं। शर्मा शुक्रवार को लाडनूं में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर एवं जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक प्रदेश में 1500 से ज्यादा ग्राम उत्थान शिविर लगाकर 77 लाख से अधिक काम किए गए है। आमजन को 98 हजार से ज्यादा सोइल हेल्थ कार्ड तथा 55 हजार से अधिक स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में किसानों को तारबंदी, डिग्गी, पाइप लाइन, सोलर पंप, फव्वारा सिंचाई जैसी योजनाओं की स्वीकृति से लेकर प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियों और डेयरी सहकारी समितियों का पंजीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटन सहित विभिन्न कार्य करवाए जा रहे है।
सीएम शर्मा ने कार्यक्रम में डीडवाना-कुचामन जिले को करीब 529 करोड़ रुपए राशि के 71 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 465 करोड़ रुपए से अधिक राशि के 59 कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही, लगभग 64 करोड़ रुपए की राशि के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
सीएम ने कहा कि प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राशि में बढ़ोतरी, गेहूं पर 150 रुपए का बोनस, किसानों को 50 हजार करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त फसली ऋण, 2 लाख 3 हजार हेक्टेयर में ड्रिप और फव्वारा संयंत्र, डिग्गी और फार्म पॉन्ड बनाने तथा 17 लाख से अधिक मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण जैसे अनेक कार्य किए गए है जिससे किसान सशक्त हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गत सरकार के समय पेपरलीक जैसे प्रकरणों से युवाओं के सपनों पर कुठाराघात हुआ था। हमारी सरकार ने पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी से परीक्षाएं आयोजित की जिससे एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। अब तक 1 लाख से ज्यादा नियुक्तियां दी हैं। डेढ़ लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इस साल एक लाख और पदों का कैलेंडर जारी हो चुका है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया वे मन लगाकर पढ़ाई करें। अब एक भी पेपरलीक नहीं होगा। सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।
Updated on:
06 Feb 2026 05:26 pm
Published on:
06 Feb 2026 05:25 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
