11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बजट 2026-27 में नागौर जिले में सड़क, बिजली, पर्यटन व पशुपालन क्षेत्र में बड़े निवेश की घोषणा

नागौर में बनेगा एक और आरओबी, मूण्डवा व खजवाना में आरओबी के लिए डीपीआर तैयार होगी, नागौर व डीडवाना-कुचामन को बजट में बड़ी सौगात, सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, पर्यटन व उद्योग को नई रफ्तार

5 min read
Google source verification
rajasthan budget diya kumari

राजस्थान बजट पेश करतीं वित्त मंत्री दिया कुमारी। फोटो- सूचना एवं जनसंपर्क विभाग

बजट 2026-27 : नागौर व डीडवाना-कुचामन को मुख्य सौगातें

- दोनों जिलों में सड़कों, राज्य राजमार्गों, रेलवे पुलों के निर्माण व उन्नयन के लिए लगभग 250 करोड़ रुपए के बजट की घोषणा।

- नागौर जिले में जारोड़ा-बुटाटी धाम, डेगाना, मकराना, खींवसर, जायल व नावां क्षेत्रों में कई प्रमुख सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति।

- नागौर शहर के डीडवाना बाइपास फाटक सहित तीन रेलवे फाटकों पर आरओबी के लिए 140 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति।

- गेनाणा (नागौर) व खुड़ी पावा (डीडवाना-कुचामन) में 33/11 केवी विद्युत ग्रिड उपकेंद्र स्थापित होंगे।

- मेड़ता व नावां में सड़क, नाला, सीवरेज व सौन्दर्यीकरण कार्यों के लिए करोड़ों रुपए का प्रावधान।

- नागौर नगरीय क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा व जल निकासी कार्य की स्वीकृति।

- पालड़ी जोधा में नया आयुष्मान आरोग्य मंदिर, काशीनगर में क्रमोन्नयन व मेडास में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होगी।

- खरनाल में वीर तेजाजी पैनोरमा व घाटवा में घाटेश्वर महादेव मंदिर के विकास की घोषणा।

- सांजू में नई पुलिस चौकी व तरनाऊ चौकी को थाने में क्रमोन्नयन की घोषणा।

- परबतसर में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के साथ लॉजिस्टिक इको सिस्टम के लिए भूमि आवंटन की घोषणा।

नागौर. राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए नागौर तथा डीडवाना-कुचामन जिलों को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। बजट में सड़क निर्माण, रेलवे फाटकों पर आरओबी-आरयूबी, विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, पर्यटन विकास, कृषि प्रसंस्करण, औद्योगिक क्षेत्र स्थापना, पुलिस व प्रशासनिक इकाइयों के उन्नयन तथा पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार जैसी व्यापक घोषणाएं शामिल हैं। करीब एक हजार आठ सौ करोड़ रुपए की लागत से प्रदेशभर में सड़क कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें नागौर व डीडवाना कुचामन जिले की एक दर्जन से अधिक सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा जिले में रेलवे फाटकों पर तीन आरओबी बनाए जाएंगे, वहीं तीन आरओबी की डीपीआर तैयार करने की घोषणा की है। बजट में ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शहरी सौन्दर्यीकरण, बाढ़ सुरक्षा, ऊर्जा ढांचे के विस्तार और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने पर भी जोर दिया गया है। इन घोषणाओं से नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

सड़क निर्माण व उन्नयन कार्य

प्रदेश के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए स्टेट हाईवे, आरओबी, आरयूबी, फ्लाईओवर आदि के निर्माण, मरम्मत व उन्नयन सम्बन्धी कार्य पर करीब 1800 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा की गई है, जिसमें -

- 4 करोड़ 21 लाख रुपए से मेड़तासिटी क्षेत्र के जारोड़ा से बुटाटी धाम वाया सिरसला तक 12 किमी सड़क निर्माण।

- 19 करोड़ रुपए से डेगाना क्षेत्र के चिकनास से ईग्यासनी (एनएच-58) वाया सारसण्डा-निम्बोला कला-बच्छवास -पोलास 19 किमी सड़क का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण होगा।

- 22 करोड़ 70 लाख रुपए से मकराना क्षेत्र में माताभर दिल्ली चौराहा से मकराना बाईपास से मकराना उपजिला चिकित्सालय होते हुए बनाराम गुर्जर की ढाणी पलाडा रोड, जूसरिया से बूडसू उपतहसील से तहसील तक, गच्छीपुरा से वाया गेहडाकलां-बेसरोली-मामडोली-सबलपुर-बोरावड़ की 23.5 किमी सड़क का निर्माण।

- डीडवाना कुचामन जिले में 5 करोड़ रुपए से निम्बी जोधा से मालगांव-सिकराली-तिपनी-ढिंगसरी-रोजा-सिलनवाद तक 25 किमी सड़क निर्माण।

- जायल क्षेत्र 5 करोड़ 10 लाख रुपए से एसएच-90 खाटू से कूड़ास, बरनेल, जायल, राजोद, छापड़ा, कमेडिया डोडू, लालगढ तक सड़क निर्माण।

- खींवसर क्षेत्र में 2 करोड़ 50 लाख रुपए से नारवा खुर्द खेतेश्वर सर्किल से हनुमान नगर रोड़ फांटा होते हुए लूणावास गांव तक 8 किमी डामर सड़क निर्माण कार्य।

- खींवसर क्षेत्र में 2 करोड़ 80 लाख रुपए से हिलोड़ी से कंकड़ाय तक डामर 8 किमी सड़क निर्माण कार्य।

- खींवसर क्षेत्र में 90 लाख रुपए से भेड-आकला सड़क से मांगलियोंबिश्नोईयों की ढाणी तक सड़क निर्माण।

- खींवसर क्षेत्र में 1 करोड़ 20 लाख रुपए से भेडचावण्डिया सड़क से मेघवाल बिश्नोईयों की ढ़ाणी तक सड़क निर्माण।

- खींवसर क्षेत्र में 75 लाख रुपए भेड़ गांव से सुगनाराम मेघवाल की ढाणी होते हुए शिवपुरा सड़क तक सड़क निर्माण।

- खींवसर क्षेत्र में 60 लाख रुपए भूण्डेल-मांडेलिया डामर सड़क से करमसोतों की ढाणियां, श्रीयादे नगर तक 2 किमी डामर सड़क निर्माण।

- 2.50 करोड़ रुपए से रेण से निम्बोला वाया पंचकूटा की ढाणी तक 4.8 किमी सड़क निर्माण।

- 5 करोड़ रुपए से जायल से झलालड़मेहरवास तक 10 किमी सड़क निर्माण।

- डीडवाना-कुचामन जिले के 6.75 करोड़ रुपए से नावां में श्यामगढ़ (एमडीआर-192) से एसएच 2सी वाया कांटियाबरजन तक 15 किमी सड़क निर्माण।

रेलवे फाटकों पर आरओबी निर्माण

राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में 15 रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर आरओबी और आयूबी बनाए जाएंगे। इसमें नागौर जिले के डेगाना-मेड़ता खण्ड में एलसी-99 पर आरओबी के लिए 56 करोड़ 86 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार बीकानेर-मेड़ता खण्ड में एलसी-60 (नागौर शहर के डीडवाना बाइपास फाटक) पर 45 करोड़ 30 लाख रुपए से आरओबी निर्माण की स्वीकृति दी है। मेड़ता रोड-जोधपुर खण्ड पर एलसी-113 पर आरओबी के लिए 42 करोड़ 96 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है।

इन आरओबी की डीपीआर होगी तैयार

- एलसी-115ए पीपाड़सिटी-गोटन वाया साथिन (एसएच-86बी) (गोटन)-नागौर

- एलसी-92 बनाड़-भोपालगढ़-कुचेरा एसएच-63 (खजवाना)- नागौर

- एलसी-80 सतूर एनएच-12-मूंडवा वाया मेड़तासिटी (एचएच-39) (मूंडवा)-नागौर

विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण

विद्युत तंत्र के और अधिक विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए नागौर के गेनाणा तथा डीडवाना-कुचामन के खुड़ी पावा में नया में 33/11 जीएसएस बनाया जाएगा।

प्रशासनिक व पुलिस इकाइयों का विस्तार

जिले में विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों की स्थापना व क्रमोन्नयन के साथ-साथ सुदृढ़ीकरण एवं आधारभूत सुविधाएं विकसित किए जाने के लिए विभिन्न कार्य करवाये जाएंगे। इसके तहत नागौर जिले के डेह में सार्वजनिक निर्माण विभाग का सहायक अभियंता कार्यालय खोला जाएगा। साथ ही बड़ी खाटू में कृषि विभाग का सहायक कृषि अधिकारी कार्यालय खोला जाएगा। इसी प्रकार सांजू में नवीन पुलिस चौकी और तरनाऊ पुलिस चौकी को पुलिस थाना बनाया जाएगा।

चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार

चिकित्सा सुविधाओं के उन्नयन के लिए चिकित्सा संस्थानों की स्थापना, अपग्रेडेशन, भवन निर्माण, मरम्मत सम्बन्धी विभिन्न कार्य करवाये जाएंगे। इसके तहत नागौर के पालड़ी जोधा में नया आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोला जाएगा। काशीनगर (मकराना) उप स्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा मेडास (खींवसर) में नया उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होगा।

संबंधित खबरें

कारागार सुधार

कारागार बंदी सुधार/आधारभूत संरचना सुधार के कार्य के तहत नागौर जिला कारागृह में आधुनिक मुलाकात कक्ष का निर्माण करवाया जाएगा। बंदियों को अपनी दैनिक उपयोग की वस्तुओं को रखने के लिए नागौर जिला कारागृह में लॉकर का निर्माण करवाया जाना प्रस्तावित किया है।

पशुपालन क्षेत्र को सौगातें

इसके साथ कितलसर (डेगाना), हरसोलाव (मेड़तासिटी) पशु चिकित्सा उपकेन्द्रों को पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा। इसी प्रकार कठोती(जायल) के पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नत किया जाएगा। डीडवाना कुचामन के रेवासा दलेलपुरा (नावां)- में पशु चिकित्सा उपकेन्द्र खोला जाएगा।

औद्योगिक विकास

वित्त मंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक विकास की यात्रा को निरन्तर जारी रखने की दृष्टि से विभिन्न स्थानों पर नवीन औद्योगिक पार्कों की स्थापना तथा अन्य आधारभूत कार्य करवाने की घोषणा की है, जिसमें डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर में नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने तथा परबतसर में ही लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को विकसित करने के लिए भूमि आवंटित की गई है।

न्यायिक तंत्र

प्रदेश में कानून के साथ-साथ न्यायिक तंत्र के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न न्यायालय खोले /क्रमोन्नत करने की घोषणा की है। डीडवाना - कुचामन जिले के कुचामन सिटी में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (एनआई एक्ट) न्यायालय खोलने की घोषणा हुई।

नागौर की आवाज पत्रिका ने बुलंदकी तो मिली सौगातें

शहरी विकास व सौन्दर्यीकरण

विभिन्न क्षेत्रों में सौन्दर्यीकरण, पुनरूद्धार एवं उन्नयन सम्बन्धी विविध कार्य के तहत मेड़ता सिटी में सड़क एवं नाला निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए, मेड़ता शहर के ही मालकोट से नायकों के चौक की सड़क एवं नाला निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए, मेड़ता शहर में सीवरेज लाइन योजना की डीपीआर तैयार करने के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नावां नगरपालिका क्षेत्र में डिवाइडर निर्माण और लाइटिंग व्यवस्था, सौन्दर्यीकरण के कार्य के लिए 2 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है। इसी प्रकार नागौर शहर में जल भराव की समस्या के निस्तारण व वर्षा जल की व्यवस्थित निकासी के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। गत वर्ष अतिवृष्टि के दौरान शहर में पानी भर गया था, जिसे निकालने में 15 दिन का समय लगा। इसको लेकर पत्रिका ने समाचार प्रकाशित किए थे।

तेजाजी पैनोरमा का होगा विकास

राजस्थान को वर्ष 2047 तक एक ग्रामीण, वैश्विक व इको ट्यूरिज्म तथा सांस्कृतिक केन्द्र के रूप में विकसित किए जाने के लिए प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के साथ-साथ हैरिटेज संरक्षण व धार्मिक पर्यटन सम्बन्धी विभिन्न कार्य करवाए जाएंगे। इसके तहत नागौर खरनाल में वीर तेजाजी पैनोरमा का विकास होगा। घाटवा (नावां) स्थित घाटेश्वर महादेव मंदिर में विकास कार्य कराए जाएंगे। तेजाजी पैनोरमा की दुर्दशा को लेकर पत्रिका ने कई बार समाचार प्रकाशित किए।

कृषि : अश्वगंधा को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान

विशिष्ट एग्राेप्रोसेसडप्रोडक्टस को राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान तथा इनसे जुड़े कृषकों को बेहतर मूल्य दिलवाने की दृष्टि से नागौरी अश्वगंधा को ‘राजगिफ्ट’ (जीआई टैग का उत्पादन और आजीविका में परिवर्तन) प्रारम्भ किया जाएगा।

मूंडवा में विशिष्ट पान-मैथी यार्ड विकसित कर आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा। पान मैथी मंडी को लेकर पत्रिका ने समय-समय पर समाचार प्रकाशित किए।