4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फिर होगी बारिश…नया पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम का मिजाज, इन राज्यों में बर्फबारी से दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ेंगे हालात

Rain Alert in Delhi NCR: मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 8 और 9 फरवरी को उत्तर पश्चिमी और मध्य भारतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ कहीं कहीं बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

2 min read
Google source verification
Western Disturbance change weather Rain Alert in Delhi NCR Uttarakhand Himachal Pradesh snowfall predicted for IMD

Rain Alert in Delhi NCR: राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के जिलों में फरवरी की शुरुआत से ही मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में पिछले दो दिनों से मौसम अलग-अलग रूपों में दिख रहा है। हालांकि बात अगर बुधवार की करें तो दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही खिली धूप ने ठंड से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन अगले 24 घंटे के अंदर मौसम फिर से बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के लेटेस्ट पूर्वानुमान की मानें तो अगले 24 घंटे बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश और पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके पीछे तीन पश्चिमी विक्षोभों का एकसाथ सक्रिय होना बड़ा कारण माना जा रहा है।

घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत हुई। सुबह के वक्त कई जगह हल्के से घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दिन निकलते ही कोहरा छंटा और ठंड से थोड़ी राहत मिली। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री से‌ल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पांच फरवरी को दिल्ली में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं, लेकिन इसके बाद जल्द ही बारिश का दौर शुरू होगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

तीन पश्चिमी विक्षोभ एक साथ एक्टिव

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश के साथ बर्फबारी के पीछे तीन पश्चिमी विक्षोभ का एक्टिव होना अहम कारण है। IMD विशेषज्ञों ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रों में एक के बाद एक करके तीन पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। इसमें पांच फरवरी को एक्टिव होने वाला पश्चिमी विक्षोभ मौसम में बड़ा परिवर्तन कराएगा। इसके चलते जहां मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू होगा, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से एक बार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर पश्चिम क्षेत्र के मैदानी इलाकों समेत उत्तरी मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाने की संभावना है।

पांच फरवरी को कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?

मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है। 5 फरवरी को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 फरवरी को और पश्चिम बंगाल व बिहार में 4 और 5 फरवरी को घना कोहरा रहने का अनुमान है। इसके अलावा 8 और 9 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

तीन फरवरी को कहां दर्ज की गई बारिश?

3 फरवरी को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। वहीं हिमाचल प्रदेश में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, मेरठ समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बुधवार से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही अगले सात दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकते हैं।