
Panchayat Chunav फोटो सोर्स : Social Media
नागौर. नागौर जिला परिषद एवं जिले की 12 पंचायत समितियों के वार्डों के पुनर्गठन और परिसीमन को लेकर गत माह मांगी गई आपत्तियों पर सुनवाई के बाद मंगलवार को जिला कलक्टर अरुरण कुमार पुरोहित ने अंतिम प्रारूप जारी कर दिए। राजस्थान पंचायती राज अधिनियम 1994 तथा राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 3 व 4 के तहत यह प्रक्रिया पूर्ण की गई है।
नागौर जिले से डीडवाना-कुचामन अलग जिला बनने के बाद जिला परिषद में किए गए वार्ड परिसीमन के तहत कुल 37 वार्ड बनाए गए हैं, वहीं चार नई पंचायत समितियां बनाई गई हैं। हालांकि स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए श्रीबालाजी के साथ अलाय तथा मेड़ता रोड के साथ गोटन का नाम जोड़ा गया है। इसी प्रकार नई बनी डेह व पांचौड़ी को मिलाकर जिले में कुल 12 पंचायत समितियां होंगी, जिनमें कुल 212 वार्ड होंगे। सबसे अधिक 25 वार्ड मूण्डवा पंचायत समिति में रखे गए हैं। वहीं सबसे डेह, श्रीबालाजी-अलाय, रियां बड़ी, पांचौड़ी व नागौर पंचायत समिति में 15-15 वार्ड ही होंगे।
जिला कलक्टर की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि जिला परिषद नागौर व 12 पंचायत समितियों के वार्डों के गठन, पुनर्गठन, परिसीमन एवं पुनर्सीमन के संबंध में पूर्व में प्रारूप प्रकाशित किया गया था। इस प्रारूप के प्रकाशन के बाद नियमानुसार आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करते हुए सुनवाई की गई। आपत्तियों पर विचार करने के बाद जिला परिषद नागौर व पंचायत समितियों के वार्डों का अंतिम निर्धारण किया गया है। हालांकि पंचायत समिति श्रीबालाजी-अलाय का मुख्यालय अलाय करने की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से पिछले करीब एक महीने से पशु प्रदर्शनी स्थल पर धरना दिया जा रहा है।
चुनाव की तैयारियां होंगी तेज
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम वार्ड सूची आगामी जिला परिषद चुनावों के लिए मान्य होगी। वार्डों के निर्धारण से जिले में अब चुनावी प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अब इसी वार्ड संरचना के आधार पर मतदाता सूची अद्यतन करने और आगे की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला परिषद नागौर व पंचायत समितियों के वार्डों की अंतिम वार्ड सूची जारी होने के बाद राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों में भी हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि वार्ड परिसीमन के बाद चुनावी समीकरणों में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश की पालना सुनिश्चित करते हुए आगे की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी करें।
यह रहेगी वार्ड व्यवस्था
जिला परिषद - 37 वार्ड की 13,67,530 कुल जनसंख्या
पंचायत समिति - वार्डों की संख्या - जनसंख्या
श्रीबालाजी-अलाय - 15 - 95363
रियां बड़ी - 15 - 97027
पांचौड़ी - 15 - 93956
नागौर - 15 - 96704
मूण्डवा - 25 - 167672
मेड़ता रोड-गोटन - 17 - 110341
मेड़ता सिटी - 17 - 103412
खींवसर - 17 - 106509
जायल - 19 - 129228
डेह - 15 - 88324
डेगाना - 23 - 156229
भैरूंदा - 19 - 122765
नोट - जनसंख्या के आंकड़े 2011 की जनगणना के अनुसार है।
Published on:
21 Jan 2026 11:28 am
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
