10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपकी बातः सरकारी योजनाएं तय अवधि में पूरी हों, उसके लिए क्या विशेष होने चाहिए?

पाठकों ने इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं। प्रस्तुत है पाठकों की चुनिंदा प्रतिक्रियाएं

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Opinion Desk

Feb 10, 2026

नियमित ऑडिट और मूल्यांकन करवाया जाना चाहिए
योजना के शुरुआती चरण में ही स्पष्ट लक्ष्य और योजना समाप्ति की तारीख निर्धारित की जानी चाहिए। परियोजनाओं की प्रगति को ट्रैक करने के लिए डिजिटल डैशबोर्ड और रियल-टाइम डेटा एनालिटिक्स का उपयोग होना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और बैठकों के माध्यम से बाधाओं की समीक्षा करनी चाहिए। समय से पहले काम पूरा करने वाले ठेकेदारों या विभागों को बोनस दिया जाना चाहिए | योजना से जुड़े कर्मचारियों को नई तकनीकों, नीतियों और गाइडलाइन्स के बारे में नियमित प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए ताकि वे कार्यकुशलता के साथ लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें। योजनाओं के प्रभाव और कमियों को निष्पक्ष रूप से समझने के लिए स्वतंत्र बाहरी एजेंसियों से नियमित ऑडिट और मूल्यांकन करवाया जाना चाहिए। - प्रवेश भूतड़ा, सूरत
तय समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य हो
सरकारी योजनाओं के तय समय में पूरी करने के लिए इन योजनाओं का जिन कम्पनियों को ठेका दिया जाए ,उससे तय समय में पूरा होने के करार भी होने चाहिए, जिसका सख्ती के साथ पालन भी हो और देरी करने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध पेनल्टी भी लगानी चाहिए ताकि वह भी तय समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य करें । - संजय डागा, इंदौर
सतत निगरानी व नियन्‍त्रण
केंद्र और राज्‍य सरकारों व्‍दारा जन हितों के लिए अनेक योजनाओं की घोषणाएं की जाती है। घोषणा के बाद योजनाओं को कार्यरूप देने में काफी विलम्‍ब होकर संबंधित विभागों व्‍दारा इन पर सतत निगरानी व नियंत्रण नहीं होने के कारण निर्धारित अवधि से भी अधिक समय तक पूरी नहीं हो पाती है। सरकारी योजनाऐं तय अवधि में पूरी हो इस के लिए संबंधित विभागों व्‍दारा सतत निगरानी और कठोर नियंत्रण आवश्‍यक है। - उद्धव जोशी, उज्जैन
क्रमबद्ध लक्ष्य निर्धारित हो।
किसी भी सरकारी योजनाओं को पूर्ण करने के लिए एक क्रमबद्ध लक्ष्य निर्धारित होना चाहिए। कुशलता पूर्वक सीढ़ी दर सीढ़ी उस लक्ष्य को अंतिम स्तर तक पूरा करें । भूमि अधिग्रहण में देरी होने से योजनाएं ठप हो जाती है। सबसे पहले जमीन अधिग्रहित की जाए। पर्यावरण विभाग की भी मंजूरी मिल जाए। उसके बाद योजनाओं को क्रियान्वयन करने का काम शुरू किया जाए। आर्थिक बजट का पूर्ण आकलन करके फंड समय रहते दे दिया जाए। उच्च डिजिटल तकनीकी का प्रयोग किया जाए। ऑनलाइन ट्रैकिंग की जाए, ताकि योजनाओं की मॉनिटरिंग हो सके। योजना से संबंधित सभी डाटा अपडेट रखे जाएं । मॉनिटरिंग के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी की लापरवाही सामने आने पर किसी योग्य अधिकारी को नियुक्त किया जाए। बड़ी परियोजनाओं की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को करें। योजना से संबंधित सभी सरकारी विभागों में आपसी समन्वय अति आवश्यक है। स्थानीय स्तर पर जन सहयोग को प्राथमिकता दें। - लता अग्रवाल चित्तौड़गढ़
निविदा में अंकित हो योजना की शर्तें
सभी सरकारी योजनाएं आम जनता के हित के लिए होती है। सरकारी योजनाएं कागजों तक की सीमित नहीं रहे, इसके लिए सभी कार्मिक प्रशिक्षित हो। नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया समय पर शुरू हो। काम समय पूरा करने के लिए सभी शर्तें पहले से ही निविदा में अंकित कर दी जानी चाहिए। जिम्मेदार अधिकारी योजना के प्रारंभ में ही योजना का विस्तृत खाका तैयार करें। निर्माण सामग्री व कार्य की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखें। प्रभावी ढंग से पर्यवेक्षण करें। साथ ही आम जन की शिकायतों का समय पर निस्तारण भी आवश्यक है। सरकारी योजनाओं में जनता का पैसा खर्च होता है, किसी राजनैतिक दल का नहीं। किसी भी कार्य को तय समय मे पूर्ण करने का संकल्प लेकर ही उसे पूर्ण गुणवत्ता और ईमानदारी के साथ तय समय मे पूरा किया जा सकता है। अकर्मण्यता के चलते यदि कोई भी योजना तय समय पर पूरी नहीं होती तो इसका खामियाजा देश को और देश की अवाम को उठाना पड़ता है। यदि कार्य समय से हो तो लोग घूस देने को मजबूर न हो। - डॉ. राजेन्द्र कुमावत, जयपुर