पटना, Jun 05, 2026

Pawan Singh (सोर्स: X)
Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 4 उम्मीदवारों की अपनी आधिकारिक सूची जारी कर दी है, जिसमें सबसे चौंकाने वाला और बड़ा नाम भोजपुरी के 'पावर स्टार' पवन सिंह का है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी इस लिस्ट में पवन सिंह के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित के नामों पर भी मुहर लगी है।
पवन सिंह और भाजपा का यह रिश्ता पिछले कुछ समय में बड़े उतार-चढ़ाव से गुजरा है। लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया था, लेकिन पवन सिंह बिहार की काराकाट सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। इसी खींचतान के बीच उन्होंने आसनसोल का टिकट लौटा दिया और काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल कर दिया।
इस बगावत के बाद भाजपा ने कड़ा रुख अपनाते हुए पवन सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 22 मई 2024 को निष्कासित कर दिया था। हालांकि, काराकाट चुनाव में पवन सिंह दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद भी पवन सिंह के तेवर भाजपा के खिलाफ कभी तल्ख नहीं हुए। अपनी इसी वफादारी के बल पर उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 30 सितंबर 2025 को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी में वापसी की। पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए चुनाव में स्टार प्रचारक बनाया। पवन सिंह ने भी इस भरोसे पर खरा उतरते हुए पूरे राज्य में धुआंधार चुनावी दौरे किए और एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में जमकर प्रचार कर माहौल को पूरी तरह भाजपा के पक्ष में मोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
पवन सिंह के अलावा बीजेपी की इस लिस्ट में डॉ. संजय मयूख का नाम भी बेहद महत्वपूर्ण है। छपरा (अमनौर) के रहने वाले और 1990 से भाजपा से जुड़े संजय मयूख को पार्टी ने लगातार तीसरी बार विधान परिषद भेजने का फैसला किया है। मयूख लंबे समय से दिल्ली में राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी के रूप में संगठन के लिए बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा भाजपा की लिस्ट में अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित का नाम भी है।
बिहार विधान परिषद की कुल 10 सीटों के लिए होने वाले इस चुनाव में नामांकन दाखिल करने के अब महज 3 दिन बचे हैं और इसकी अंतिम तारीख 8 जून है। हालांकि, अब तक किसी भी दल के प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया है।
जदयू की तरफ से नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत 4 उम्मीदवारों की लिस्ट पहले ही आ चुकी है, और अब भाजपा के भी 4 नाम साफ हो गए हैं। गठबंधन सूत्रों के अनुसार, आगामी 8 जून को जेडीयू, बीजेपी और सहयोगी दलों के सभी उम्मीदवार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में एक साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। आवश्यक होने पर मतदान 18 जून को कराया जाएगा।
संबंधित विषय:
Published on: 05 Jun 2026 07:25 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।