
अजित पवार की अस्थियां लेकर संगम पहुंचे बेटे जय पवार, PC- Patrika
प्रयागराज : महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियों का रविवार को प्रयागराज स्थित संगम में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। बेटे जय पवार ने पिता की अस्थियों को संगम में प्रवाहित किया। इस दौरान पूरा परिवार, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भावुक नजर आए।
परिवार बारामती से चार्टर्ड विमान के जरिए प्रयागराज पहुंचा। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय जय पवार नंगे पांव थे और उनके हाथ में पिता की अस्थियों का कलश था। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। एयरपोर्ट से संगम तक लंबा काफिला चला और पूरे रास्ते माहौल गमगीन बना रहा।
अस्थि विसर्जन के दौरान भाजपा और एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। धार्मिक विधि-विधानों के बीच संगम तट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
दरअसल, एनसीपी की युवा इकाई राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के नेतृत्व में अजित पवार की ‘अस्थि कलश यात्रा’ कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकाली गई थी। यह यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरी और रविवार को संगम में बेटे और परिवार की मौजूदगी में इसका समापन हुआ।
राष्ट्रवादी नेता धीरज शर्मा ने कहा, 'यह पल परिवार के साथ-साथ लाखों राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए बेहद भावुक है। मैं स्वयं हरिद्वार से तेलंगाना तक इस अस्थि कलश यात्रा का हिस्सा रहा। अजित दादा सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश की एक बड़ी राष्ट्रीय राजनीतिक शख्सियत थे।'
गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती एयरपोर्ट पर एक चार्टर्ड विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया था। इस हादसे में दो पायलट, एक महिला क्रू मेंबर और एक सुरक्षाकर्मी सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई थी। विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से पहले गिर गया था और उसमें आग लग गई थी। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
Published on:
08 Feb 2026 02:00 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
