10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Raipur News: रायपुर पुलिस कमिश्नर का पहला आदेश, शहर में गोगो रोलिंग पेपर बैन, बेचने वालों पर होगा एक्शन

Raipur News: युवाओं को नशे के दलदल में ढकेलने वाली कई चीजें शहर में उपलब्ध हैं। इनमें पान दुकान, किराने की दुकान, कैफे, ढाबा, पब आदि में आसानी से उपलब्ध स्मोकिंग कोन गोगो, रोलिंग पेपर आदि की अहम भूमिका है। इसके चलते युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इस पर रोक लगाने रायपुर […]

3 min read
Google source verification
Raipur News: रायपुर पुलिस कमिश्नर का पहला आदेश, शहर में गोगो रोलिंग पेपर बैन, बेचने वालों पर होगा एक्शन,

Raipur News: युवाओं को नशे के दलदल में ढकेलने वाली कई चीजें शहर में उपलब्ध हैं। इनमें पान दुकान, किराने की दुकान, कैफे, ढाबा, पब आदि में आसानी से उपलब्ध स्मोकिंग कोन गोगो, रोलिंग पेपर आदि की अहम भूमिका है। इसके चलते युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इस पर रोक लगाने रायपुर पुलिस ने इनकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।

गुरुवार को पुलिस कमिश्नर डाक्टर संजीव शुक्ला ने आदेश जारी करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत रायपुर की नगरीय सीमा में रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन, पर्फेक्ट रोल की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इसकी बिक्री अब नहीं हो सकेगी। इसकी बिक्री करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में माना जाएगा। बेचने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। उल्लेखनीय है कि गोगो, रोलिंग पेपर का इस्तेमाल युवक-युवतियां गांजा, चरस और अन्य सूखे नशे का सेवन करने के लिए करते हैं। इसके चलते युवाओं को नशे की लत लग रही है।

होते हैं जहरीले पदार्थ भी

रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन, पर्फेक्ट रोल में टाइटेनियम ओक्साइड, पोटेशियम नाइट्रेट, आर्टिफिशियल डाई, केल्शियम कार्बोनेट तथा क्लोरिन ब्लीच जैसे जहरीले पदार्थ पाए जाते हैं। यह स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इसके सेवन से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।

बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति

रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन, पर्फेक्ट रोल शहर की पान दुकानों, किराना दुकानों, पब, कैफे जैसे स्थानों पर बिकने लगा है। आसानी से उपलब्ध होने के कारण युवक-युवतियों में नशा करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। नशे में धुत होकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम भी दे रहे हैं।

सुनवाई का मौका भी

प्रतिबंध के आदेश में कहा गया है कि गोगो, रोलिंग पेपर में प्रतिबंध का आदेश जन साधारण की सुविधा को देखते हुए तत्काल प्रभावशील किया गया है। यदि कोई भी व्यक्ति, संस्था या पक्ष इस आदेश में कोई छूट या शिथिलता चाहे, तो उसे विधिवत आवेदन करने का अधिकार होगा। इस पर सम्यक सुनवाई और विचार के बाद समुचित आदेश पारित किए जाएंगे।

दो लाख का माल कर चुके हैं जब्त

एक दिन पहले पुलिस ने रायपुर नार्थ जोन में गोगो, रोलिंग पेपर बेचने वालों के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया था। 2 लाख से अधिक का गोगो, रोलिंग पेपर व अन्य सामान जब्त किया था। 9 दुकानों को सील किया गया था। इस दौरान इसके पीछे बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है।

गोगो के केमिकल इतने नुकसानदायक

टाइटेनियम डाइऑक्साइड- यह पदार्थ कैंसर का कारण बन सकता है और फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है।

पोटैशियम नाइट्रेट-यह पदार्थ रक्तचाप बढ़ा सकता है। हृदय की समस्याएं पैदा कर सकता है।

आर्टिफिशियल डाई-ये पदार्थ एलर्जी, त्वचा समस्याएं और कैंसर का कारण बन सकते हैं।

कैल्शियम कार्बोनेट-यह पदार्थ श्वसन समस्याएं पैदा कर सकता है। फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है।

क्लोरिन ब्लीच-यह पदार्थ त्वचा और आंखों में जलन पैदा कर सकता है। श्वसन समस्याएं भी हो सकती हैं।

शहर में किसी तरह से नशा और उसके अवैध कारोबार को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गोगो, रोलिंग पेपर जैसी चीजों का इस्तेमाल यूथ नशा करने के लिए कर रहे हैं। इसकी आसानी से उपलब्धता भी युवाओं को नशे के दलदल में धकेल रही है। पान ठेलो, किराना दुकानों आदि स्थानों पर इसकी बिक्री प्रतिबंधित की गई है।

-डॉक्टर संजीव शुक्ला, पुलिस कमिश्नर, रायपुर

गोगो, रोलिंग पेपर स्वास्थ्य के लिए बहुत नुकसानदायक है। इसमें मौजूद पदार्थों से कैंसर से लेकर सांस लेने तक में तकलीफ हो सकती है। यही नहीं हार्ट की समस्या भी बढ़ सकती है। फेफड़ों को भी नुकसान हो सकता है। नशे की लत भी लग सकती है। युवा व किसी भी आयु वर्ग के लोगों को इससे दूर रहने की जरूरत है।

-डॉक्टर योगेंद्र मल्होत्रा, प्रोफेसर मेडिसिन आंबेडकर अस्पताल