
md drugs seized 21 crore operation shuddhi interstate racket busted
mp news: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस ने ड्रग्स कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस के लिए सिरदर्द बन रहा एमडी ड्रग्स का सरगना रघुनंदन पाटीदार सहित इस पूरे कारोबार का मास्टर माइंड दीपक गुर्जर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। इन दोनों के अलावा इनके साथ काम करने वाले तीन अन्य पेडलर्स भी पुलिस ने राजस्थान से पकड़े हैं। अब इनसे पूरे कारोबार की चेन का खुलासा होगा।
गुरुवार दोपहर एसपी अमित सुरेश तोलानी ने प्रेस वार्ता कर एमडी ड्रग्स के कारोबार में संलिप्त आरोपियों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पहले रघुनंदन को मुख्य सरगना मान रहे थे लेकिन जांच में पता चला है कि मास्टर माइंड और मुख्य आरोपी दीपक गुर्जर है। उसी के नेटवर्क पर बाकी लोग काम कर रहे थे। रघुनंदन उसी के साथ मिलकर काम कर रहा था। उल्लेखनीय है कि 4 फरवरी को फैक्ट्री मिलने के बाद से 11 फरवरी तक की गई पड़ताल के बाद अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित एमडी ड्रग्स निर्माण और तस्करी नेटवर्क को पुलिस ने पकड़ा है।
करीब सप्ताह भर से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने 11 फरवरी को आरोपियों की धरपकड़ की और कुल 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। पुलिस टीम ने मुखबिरी के आधार पर ग्राम माणा के पास से आरोपी दीपक गुर्जर (29) निवासी ग्राम अरनिया को पकड़ा। उसने अपने घर के किचन में 10.160 किलो एमडी छिपा रखी थी। वहीं, दीपक की निशानदेही पर रघुनंदन पाटीदार (34) निवासी ग्राम गोघटपुर को बरखेड़ा खुर्द (राजस्थान) से पकड़ा। उसने बाबाजी वाले सरसों के खेत पर 11.350 किलो एमडी छिपा रखी थी। दोनों से कुल 21.510 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की गई है जिसकी कीमत करीब 21 करोड़ रुपए बताई गई है।
राजस्थान पुलिस को 4 फरवरी को एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री गोघटपुर में मिली थी। यहां से आरोपी रघुनंदन कार छोड़कर फरार हो गया था। मौके से 4 करोड़ रुपये की 43 किलो केमिकल सामग्री मिली थी। फिर 7 फरवरी को राजगढ़ पुलिस को आदमपुरा के जंगल क्षेत्र के खेतों में प्लास्टिक ड्रम (कंटेनर) मिले। जिनमें 266.9 किलो वही केमिकल मिला था जिसक कीमत पांच करोड़ रुपए आंकी गई थी। इसके बाद 10 फरवरी को तीन आरोपी दबोचे गए ।
Published on:
12 Feb 2026 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
