
संभल में थाने के बाहर लगी पंचायत | AI Generated Image
Shoemar Punishment Sambhal:उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप के बाद थाने के बाहर कथित तौर पर पंचायत लगाई गई और आरोपी युवक को जूते मारने की सजा सुनाई गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के एक गांव से जुड़ी है। बताया गया कि 6 फरवरी को एक किशोरी घास लेने के लिए जंगल की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद पीड़िता के परिजन आक्रोशित हो गए और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। इसी दौरान दोनों पक्षों के कई ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। सूत्रों के मुताबिक, थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें बाहर भेज दिया। इसके बाद थाने के बाहर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि थाने के बाहर मौजूद ग्रामीणों की भीड़ में एक तरह की पंचायत लग गई। इसी दौरान फैसला लिया गया कि आरोपी युवक को किशोरी जूते मारेगी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किशोरी युवक के सिर पर जूते मार रही है, जबकि आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने हुए हैं।
इस पूरी घटना का किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञ इसे कानून हाथ में लेने की खतरनाक प्रवृत्ति बता रहे हैं।
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से केवल मौखिक शिकायत की गई थी। उन्होंने कहा कि बाद में दोनों पक्षों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न कराने की बात कही और थाने से चले गए।
थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि थाने के बाहर क्या हुआ, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी पुलिस को नहीं है।
Published on:
08 Feb 2026 02:50 pm
बड़ी खबरें
View Allसम्भल
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
