6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, May 14, 2026

RCB vs KKR: विराट कोहली की 105 रनों की नाबाद पारी के साथ आरसीबी की दमदार जीत, बेंगलुरु पहुंची टॉप पर

Virat Kohli 9th IPL Century: विराट कोहली की नाबाद 105 रन की शानदार पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया। इस जीत के साथ आरसीबी आईपीएल 2026 की अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई है।

600 plus aggregates in most consecutive IPL editions

विराट कोहली। (फोटो सोर्स: IANS)

RCB vs KKR IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले से धमाल मचाया और नाबाद 105 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। कोहली का यह आईपीएल करियर का 9वां शतक रहा, जिसकी बदौलत आरसीबी ने 193 रन का लक्ष्य 19.1 ओवर में हासिल कर लिया।

अंगकृष और रिंकू ने संभाली केकेआर की पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 48 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाज फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे के विकेट गंवा दिए। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला और शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

अंगकृष ने 46 गेंदों में 71 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं कैमरून ग्रीन ने 32 रन की उपयोगी पारी खेली। अंत में रिंकू सिंह ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इन पारियों की बदौलत केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 192 रन बनाए। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रासिख सलाम डार को एक-एक विकेट मिला।

विराट कोहली ने खेली मैच जिताऊ पारी

193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को जैकब बेथेल और विराट कोहली ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने भी कोहली का अच्छा साथ निभाया।

कोहली और पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 रन की अहम साझेदारी हुई। पडिक्कल ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए और अपनी पारी में 7 चौके लगाए। बीच के ओवरों में आरसीबी के कुछ विकेट जरूर गिरे, लेकिन विराट कोहली एक छोर पर मजबूती से टिके रहे।

उन्होंने कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड के साथ छोटी लेकिन महत्वपूर्ण साझेदारियां करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इसके बाद कोहली ने 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और अंत तक नाबाद लौटे।

विराट कोहली ने 60 गेंदों में 105 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने केकेआर के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

अंक तालिका में टॉप पर पहुंची आरसीबी

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। लगातार शानदार प्रदर्शन और विराट कोहली की बेहतरीन फॉर्म ने टीम को इस सीजन खिताब का मजबूत दावेदार बना दिया है।

दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह हार बड़ा झटका साबित हो सकती है। टीम को अब प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए आने वाले मुकाबलों में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें