
फेमस एक्टर का हुआ एक्सीडेंट
Maniyanpilla Raju Accident: फेमस एक्टर मनियनपिल्ला राजू एक बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। गुरुवार रात केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में उनकी कार से एक एक्सीडेंट हो गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद एक्टर ने अपनी गाड़ी रोकी नहीं और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इसे 'हिट-एंड-रन' का मामला मानते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ऐसे में खुद उन्होंने सामने आकर पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 5 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे 'त्रिवेंद्रम क्लब' के ठीक सामने हुई थी। मनियनपिल्ला राजू अपनी गाड़ी से क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी गाड़ी की टक्कर एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल से हो गई। बाइक पर सूरज (20) और निदेव (20) नाम के दो युवक सवार थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे, लेकिन एक्टर अपनी कार लेकर वहां से निकल गए। घायलों को तुरंत पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सूरज के बाएं पैर और कंधे में फ्रैक्चर है, जबकि निदेव के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
शुक्रवार को जब 70 साल के एक्टर पुलिस के सामने पेश हुए, तो उन्होंने मौके से भागने की वजह बताई। पत्रकारों से बात करते हुए राजू भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "हादसे के बाद मैं बुरी तरह घबरा गया था। मैं सड़क पार करने के लिए गाड़ी धीरे ही चला रहा था, तभी बाइक ने टक्कर मार दी। मैंने गिरने की आवाज सुनी, लेकिन डर के मारे घर चला गया। वहां पहुंचने के बाद मैंने एक परिचित को फोन कर एम्बुलेंस का इंतजाम करने को कहा था।"
एक्टर ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए आगे कहा कि वह कैंसर सर्वाइवर हैं और फिलहाल चिकनगुनिया से जूझ रहे हैं, जिसकी वजह से उनकी मानसिक स्थिति उस समय ठीक नहीं थी। साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं, इसलिए वह जल्द से जल्द घर पहुंचना चाहते थे।
पुलिस का कहना है कि राजू की कार लापरवाही से चलाई जा रही थी, जिससे इंसानी जिंदगी खतरे में पड़ गई। एफआईआर (FIR) में साफ तौर पर लिखा गया है कि ड्राइवर ने न तो गाड़ी रोकी, न घायलों को प्राथमिक उपचार (First Aid) दी और न ही अधिकारियों को सूचित किया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और क्लब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। एक सीनियर एक्टर का इस तरह हादसे के बाद घायलों को सड़क पर छोड़ जाना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
Published on:
06 Feb 2026 02:55 pm
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
