
एक्ट्रेस अंजू कृष्णा हुई अरेस्ट
Anju Krishna Arrested: फिल्म इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। तमिल की जानी-मानी एक्ट्रेस अंजू कृष्णा को ड्रग्स रखने और उसकी खरीद-फरोख्त के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एंटी-नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट (ANIU) ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंजू के साथ एक असिस्टेंट डायरेक्टर और 6 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद से ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है।
इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एंटी-नारकोटिक्स टीम के इंस्पेक्टर जॉनी चेल्लाप्पा ने नेसापक्कम के रहने वाले विग्नेशवरन को शक के आधार पर पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसने वेंकटेश कुमार नाम के एक शख्स का नाम लिया। पुलिस ने वेंकटेश को रंगे हाथों पकड़ने का जाल बिछाया। पुलिस का एक जवान 'फर्जी ग्राहक' बनकर वेंकटेश के पास पहुंचा और ड्रग्स का सौदा किया। जैसे ही वेंकटेश अपनी कार के साथ वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया और फिर तलाशी के दौरान उसकी गाड़ी से बैन हो रखे नशीले पदार्थ बरामद किए।
वेंकटेश से जब कड़ी पूछताछ हुई, तो उसने इस काले कारोबार में शामिल अन्य लोगों के नाम उगल दिए। इसमें तमिल एक्ट्रेस अंजू कृष्णा और असिस्टेंट डायरेक्टर विंसी निवेथा का नाम सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इनके पास से 6 ग्राम मेथम्फेटामाइन, 7 ग्राम ओजी गांजा, 15 ग्राम साधारण गांजा, स्मोकिंग बोंग, ड्रग स्टाम्प और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अंजू कृष्णा तमिल और मलयालम सिनेमा का एक चर्चित चेहरा रही हैं। उन्हें खासकर तमिल फिल्म ‘वेल्लीमलाई’ के लिए जाना जाता है। वहीं, विंसी निवेथा ने तमिल फिल्मों में सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया है। हालांकि, बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के पास ज्यादा काम नहीं था और वह इंडस्ट्री में एक्टिव नहीं थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस रैकेट के तार इंडस्ट्री के कुछ और बड़े नामों से भी जुड़े हैं या नहीं।
Updated on:
06 Feb 2026 10:46 am
Published on:
06 Feb 2026 10:26 am
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
