11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Vande Bharat Train: जयपुर-आगरा वंदेभारत बंद, अब इस नए रूट पर दौड़ेगी ट्रेन, जानें टाइम और स्टॉपेज

जयपुर-आगरा रूट पर चल रही वंदेभारत ट्रेन को रेलवे ने 14 फरवरी से बंद करने का फैसला किया है। इसके स्थान पर अब यह ट्रेन 16 फरवरी से उदयपुर-असारवा (अहमदाबाद) रूट पर संचालित की जाएगी।

2 min read
Google source verification
Vande Bharat Train

वंदेभारत ट्रेन (फाइल फोटो: पत्रिका)

Vande Bharat Train Will Discontinue on Jaipur-Agra Route: उदयपुर से जयपुर और आगरा के बीच चलाई जा रही वंदेभारत ट्रेन को रेलवे ने 14 फरवरी से बंद करने का निर्णय लिया है। अब इसे 16 फरवरी से उदयपुर-असारवा रूट पर चलाया जाएगा। इसका आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना है। उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोग लंबे समय से सूरत के लिए सीधी ट्रेन की मांग रहे थे, पर इसे अभी सिर्फ असारवा तक चलाया जाएगा।

नए रूट पर यात्री भार मिलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वहीं जयपुर वंदे भारत में ट्रैफिक बढ़ रहा था, पर अब इसके बंद होने से लोग निराश हैं। रेलवे ने वंदेभारत ट्रेन को पहले उदयपुर-जयपुर के बीच चलाया, बाद में इसे सप्ताह में तीन दिन आगरा वाया कोटा तक बढ़ाया गया, लेकिन दोनों रूट पर अपेक्षित यात्री नहीं मिल सके। अब रेलवे ने इसे उदयपुर से असारवा (अहमदाबाद) तक संचालित करने का फैसला लिया, जिसे कई लोग प्रयोगात्मक निर्णय मान रहे हैं।

सुबह पहले से दो ट्रेनें, प्रतिस्पर्धा बढ़ी

उदयपुर से असारवा के लिए पहले से तड़के और सुबह दो ट्रेनें संचालित हो रही हैं- एक जयपुर-असारवा (सुबह 3.45 बजे) और दूसरी इंदौर-असारवा (सुबह 4.30 बजे)। इसके बाद सुबह 6.10 बजे वंदेभारत ट्रेन चलेगी, जिससे यात्रियों के बंटने की संभावना जताई जा रही है।

सूरत रूट ज्यादा व्यावहारिक बताया जा रहा

विशेषज्ञों के अनुसार उदयपुर-आगरा वाया कोटा करीब 611 किमी (आवागमन 1222 किमी) था, जबकि उदयपुर-अहमदाबाद 298 किमी और अहमदाबाद-सूरत 228 किमी यानी कुल 526 किमी (आवागमन 1052 किमी) पड़ता है। ऐसे में दूरी और समय के हिसाब से वंदेभारत को सूरत तक बढ़ाना ज्यादा व्यावहारिक माना जा रहा है।

व्यापारिक दृष्टि से सूरत अहम

उदयपुर और मेवाड़ क्षेत्र के अनेक व्यवसायी सूरत में व्यापार करते हैं। वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रोजगार से जुड़े हैं। इसलिए सूरत के लिए सीधी तेज ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही है। असारवा तक सीमित रखने के फैसले से व्यापारिक वर्ग में निराशा भी देखी जा रही है।

अगले सप्ताह शुरू होने की संभावना

सूत्रों के अनुसार उदयपुर-असारवा वंदेभारत अगले सप्ताह शुरू होगी। यह ट्रेन मंगलवार छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
उदयपुर से प्रस्थान: सुबह 6.10 बजे

  • असारवा आगमन: सुबह 10.25 बजे
  • वापसी: शाम 5.45 बजे असारवा से, रात 10 बजे उदयपुर आगमन
  • स्टॉपेज: जावर, डूंगरपुर, हिम्मतनगर

सूरत तक बढ़े तो समय भी अनुकूल

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही ट्रेन सुबह 6.10 बजे उदयपुर से चले तो दोपहर लगभग 1.30 बजे सूरत पहुंच सकती है और दोपहर 2.30 बजे सूरत से वापसी हो तो रात 10 बजे तक उदयपुर लौट सकती है। इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार से जुड़े यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकता है।

सूरत तक बढ़ने की संभावना

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया, 16 फरवरी से उदयपुर से अहमदाबाद के असारवा रेलवे स्टेशन तक वंदे भारत ट्रेन शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन की लगातार मांग की जा रही थी। यह रेल आगे सूरत तक बढ़ाने की संभावना है। इस हाईस्पीड ट्रेन के शुरू होने से उदयपुर व अहमदाबाद के बीच व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

उदयपुर से असारवा तक वंदे भारत ट्रेन की घोषणा स्वागत योग्य है। इस रूट पर सूरत और मुंबई के लिए सीधी ट्रेन की मांग लंबे समय से चल रही थी। ऐसे में इस ट्रेन को मुंबई या सूरत तक चलाया जाता तो मेवाड़ की जनता को काफी राहत मिलती। इससे पूर्व यह ट्रेन जयपुर और आगरा के मध्य लंबा रूट नहीं होने से सफल नहीं हो पाई और बंद करनी पड़ी।

जयेश चंपावत, पूर्व सदस्य, रेलवे सलाहकार समिति