– राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज, छह जने गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
बस्सी @ पत्रिका. बस्सी थाना इलाके में पहले तो पत्थरों का ही अवैध खनन होता था, लेकिन अब मिट्टी का भी जोरों पर खनन चल रहा है। थाना इलाके के जटवाड़ा गांव में शनिवार रात को अवैध खनन की शिकायत पर बस्सी थाना पुलिस पहुंची तो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करदी। बस्सी थाना पुलिस ने इस मामले में रविवार को छह जनों को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश, जिनको जेल भेज दिया गया।
बस्सी थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार रात को बस्सी थाना पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना पर थाना पुलिस जटवाड़ा में नदी में पहुंची तो वहां पर दो – तीन जेसीबी ट्रैक्टर – ट्रॉलियों में अवैध खनन कर मिट्टी भर रही थी। पुलिस की कार को देखते ही जेसीबियों एवं ट्रैक्टर – ट्रॉलियों के चालक अपने – अपने वाहनों को लेकर अलग – अलग दिशा लेकर भाग गए। लेकिन किशना पटेल की ढाणी के समीप एक ट्रैक्टर – ट्रॉली चालक वाहन को खड़ा कर फरार हो गया। जब पुलिस रात को ट्रैक्टर – ट्रॉली को लाने लगी तो वहां पर आठ- दस लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। हालाकि पुलिस ट्रैक्टर- ट्रॉली को घटना स्थल से आई और उसको जटवाड़ा पुलिस चौकी में खडा़ कर दिया।
इस सम्बन्ध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जटवाड़ा निवासी गिर्राज चौधरी, हरिराम जाट, मुकेश कुमार जाट, उगंजा, प्रभुदेवी व मधु देवी को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हे जेल भेज दिया गया।
मिट्टी के अवैध खनन से हो रही है मोटी कमाई::::
जयपुर के नजदीक होने के कारण बस्सी उपखण्ड इलाके में इन दिनों जगह – जगह मिट्टी का जमकर अवैध खनन हो रहा है। मिट्टी माफिया पुलिस, खनिज विभाग व वन विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए अधिकांशत: रात में अवैध खनन कर रहा है। खासकर चरागाह, नदी, नालों से अधिक अवैध खनन किया जा रहा है। सूत्रों की माने तो खनन माफिया एक – एक ट्रॉली मिट्टी एक हजार से पन्द्रह सौ रुपए में बेच रहे हैं।
कॉलोनाइजर भी ले रहे हैं मिट्टी काम::: अवैध खनन से खुदाई की जा रही मिट्टी को कई जगह अवैध कॉलोनियां बसा रहे भूमाफिया उबड़ – खाबड़ जमीनों को समतल करने, ईंट भट्टों एवं मकानों में भरत के काम ले रहे हैं। यही कारण है कि मिट्टी की कीमत धीरे – धीरे बढ़ती जा रही है।