करौली. बसंत पंचमी के अवसर पर राजकीय विद्यालयों में मेगा पीटीएम एवं निपुण मेले का आयोजन हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ सहभागी संवाद किया गया। जयपुर से राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला स्तर पर डीओआईटी कक्ष करौली में जिला कलक्टर की उपस्थिति में किया गया, जिसमें लाभार्थी छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई। समसा के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक सर्वेशकुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा मेगा पीटीएम के संवाद से पूर्व बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाषचंद बोस की जयन्ती मनाई गई, जिसमें एक साथ समस्त राजकीय विद्यालयों में सरस्वती वंदना की गई। इस अवसर पर जिले के समस्त राजकीय विद्यालयों में कृष्ण भोग का आयोजन किया गया। मेगा पीटीएम कार्यक्रम में अभिभावकों ने शिक्षकों से अपने बच्चों की शैक्षणिक स्तर की प्रगति रिपोर्टस के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने शिक्षक, छात्रों एवं अभिभावकों को त्रिवेणी संगम बताया। इस त्रिवेणी संगम द्वारा विकसित समाज एंव राष्ट्र की नींव रखी जाएगी। जिससे राज्य और देश प्रगति करेगा। जिला स्तर पर कार्यक्रम में जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा करौली सर्वेश कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा इन्द्रेश तिवाडी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा राधा रमन शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी राजेन्द्र सिहं मीना आदि उपस्थित रहे। मंच संचालन अमित कुमार शर्मा व राजेश मीना ने किया।
इसी प्रकार राजकीय उमावि गुड़ला में मेगा पीटीएम कृष्ण भोग और निपुण मेले का आयोजन हुआ। संस्था प्रधान नागेंद्र ङ्क्षसह बेनीवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान कक्षा अध्यापकों द्वारा छात्रों के अभिभावकों को छात्रों की उपलब्धियो एवं अन्य समस्याओं से अवगत कराया। छात्रों द्वारा निर्मित कलाकृतियों को भी प्रदर्शित किया गया। कृष्ण भोग में पूरी खीर व सब्जी का भोजन छात्रों को कराया गया। वहीं निपुण मेले में खेलकूद प्रतियोगिताएं, निबंध, संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अंत में उप प्राचार्य हरिओम चतुर्वेदी ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।