गुरुवार को भारतीय किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष धनगांव निवासी राजेंद्र सिंह ठाकुर और जिला पंचायत सदस्य श्रीराम चौधरी कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्टर ऋषव गुप्ता को उन्होंने बायपास पर बसे गांव के लोगों की परेशानी को उनके सामने रखा। जिलाध्यक्ष ठाकुर का कहना है कि हाइवे पर धनगांव और बासवा गांव है। हाइवे बन जाने के बाद से अधिकांश बसें गांव में नही आ रही है। जो भी सवारी इन गांवों के लिए बसों में इंदौर या खंडवा बस स्टैंड से बैठती है उसे बायपास पर उतार दिया जाता है। जहां से गांव की दूरी करीब डेढ़ से दो किमी है। ऐसे में लोगों को पैदल ही अपने गांव तक जाना पड़ रहा है।
रात में हो रही अधिक परेशानी
रात के समय भी बस गांव के अंदर से नहीं जाती। सवारी को बायपास पर उतार देते हैं। खासकर ऐसे में बस से आने वाली महिलाओं को रात के समय अधिक परेशानी हो रही है। जिला पंचायत सदस्य चौधरी का कहना है कि हमारी मांग हैं कि जिन बसों का परमिट व्हाया धनगांव होकर है तो उन्हें गांव के अंदर से ले जाया जाए। यह बसें सीधे हाइवे से निकल जा रही है। इस तरह की बसों पर कार्रवाई की जाए।