बुधवार को पाटाखाली और जेतापुर कला में जिला चिकित्सालय द्वारा डेंटल और स्केलेटल फ्लोरोसिस के संभावित मरीजों की जांच के लिए गांव में ही स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलम मिश्रा, एपिडियोंमोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा, हड्डी रोग विभाग से डॉ. वैभव और दंत रोग विभाग से डॉ. उषमा जिंदल, डॉ. मुस्कान सिंह सहित अन्य चिकित्सक ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि ग्राम पाटाखाली और जेतापुर कला में 148 मरीजों की जांच की गई। जिसमें पाटाखाली में 103 मरीज हैं। जेतापुर में सामान्य बीमारी के भी मरीज मिले हैं। गुरुवार को ग्राम हरिपुरा, गुरावा, बरमलाय और शुक्रवार को सेमरुढ़ माल, धनवानी माफी, गरबड़ीमाल में स्वास्थ्य शिविर लगाकर फ्लोरोसिस के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया जाऐगा।
पाटाखाली गांव में सबसे अधिक मरीज
फ्लोरोसिस जांच में पाटाखाली गांव में सबसे अधिक मरीज मिले हैं। यहां 103 मरीजों की जांच की गई। जिसमें कम लक्षण के 12, अधिक लक्षण के 53 और गंभीर कैटेगरी के 33 मरीज मिले हैं। यह वे 33 मरीज हैं जिनके दांत फ्लोरोसिस डार्क ब्राउन हो गए हैं। जिन्हें ठीक नहीं किया जा सकता।