महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन हादसे में निधन हो गया है। उनके जाने के बाद एनसीपी (अजित गुट) में उत्तराधिकारी को लेकर चल रही अटकलें समाप्त हो गई है। बताया जा रहा है कि अजित पवार की पत्नी और वर्तमान राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम बन सकती हैं। एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने सुनेत्रा से मुलाकात कर उन्हें डिप्टी सीएम पद संभालने का प्रस्ताव दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा ने इस प्रस्ताव को स्वीकार भी कर लिया है। हालांकि औपचारिक ऐलान होना बाकी है। चर्चा है कि शनिवार को एनसीपी अजित गुट की बैठक के बाद इसका औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा। राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को पार्टी के भीतर ‘वहिनी’ के नाम से जाना जाता है। पार्टी का एक बड़ा वर्ग मानता है कि बारामती में अपनी पकड़ बनाए रखने और सहानुभूति की लहर का लाभ उठाने के लिए सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाना सबसे सुरक्षित विकल्प होगा। वे अजित पवार की खाली हुई बारामती विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़कर विधायक बन सकती हैं।