हिण्डौनसिटी. चौपड़ स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव, खेल दिवस, पूर्व विद्यार्थी मिलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रोचक गतिविधियों के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्रतिभाओं, पूर्व छात्र-छात्राओं और भामाशाहों को सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव सहित अन्य अतिथियों द्वारा सरस्वती मां और भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। भारतीय संस्कृति के अनुसार सभी आगंतुकों का तिलक कर अभिनंदन किया गया। प्राचार्य गजेन्द्र कुमार शर्मा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों का प्रतिवेदन रखा।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, नृत्य नाटिका और शिक्षाप्रद संस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मुग्ध कर दिया। बालसुलभ गतिविधियों जैसे म्यूजिक चेयर, जलेबी लपक, चम्मच दौड़ ने बच्चों को उत्साहित किया। वहीं विद्यालय की छात्राओं के कालिका दल ने अरुणा शर्मा के निर्देशन में आत्मरक्षा कौशल की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन कर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। राजस्थान में स्कूली शिक्षा पाठ्यक्रम में शामिल राजस्थानी लोकगीत ‘धरती राजस्थान की…’ पर झांकियां सजा कर नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही, जिसे अतिथियों ने खूब सराहा। इस गीत की रचना विद्यालय के व्याख्याता कृष्ण बिहारी पाठक ने की है और चित्रांकन व्याख्याता अरविंद धाकड़ द्वारा किया गया है। विद्यार्थियों ने इस गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर राजस्थानी संस्कृति को जीवंत कर दिया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। समारोह में विद्यालय के वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों, उत्कृष्ट खिलाडिय़ों और प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल, स्काउट, एनएसएस, एसपीजी और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की उपलब्धियों को दर्शाने वाली पोस्टर-बैनर प्रदर्शनी, विज्ञान मॉडल और पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थी कोमल शर्मा और दक्ष जैन ने व्याख्याता कृष्ण बिहारी पाठक के निर्देशन में मंच संचालन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दयाल सिंह सोलंकी, पूर्व शिक्षा उपनिदेशक वीर सिंह बेनीवाल, पूर्व शिक्षा अधिकारी ताराचंद जाटव, शिक्षाविद् रामगोपाल शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य प्रतिभा शर्मा, सोहनलाल जगरिया, राघवेंद्र भारद्वाज, पूनम पाठक, अंजू जैन, शीतल शुक्ला, धर्मराज जांगिड़, कल्याण प्रसाद शर्मा, महेंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ व्याख्याता सुनील कुमार गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह समाप्ति पर वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक जगदीश प्रसाद गुप्ता के सौजन्य से सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इससे पूर्व शिक्षक विनोद कुमार, पुष्पेंद्र सिंह कसाना, रविन्द्र रॉय, अर्चना गोयल, अरुणा शर्मा, मनीषा चतुर्वेदी, शीला धाकड़, बलराम सिंह, शशिकांत, रवि मीणा, राजीव सहारिया, रामजीलाल कोली, मुकेश मीना ने अतिथियों का स्वागत किया।