भारत, Jun 07, 2026

बेंजामिन नेतन्याहू(फोटो-ANI)
इजरायल के केंद्रीय इलाके कोचाव याइर के पास गोलीबारी हुई। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
इजरायली आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम के अनुसार घायलों का इलाज पास के अलग-अलग स्थानों पर किया जा रहा है। कुछ पीड़ितों को टजूर यित्जहाक और टजूर नतान के पास पाया गया, जहां एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में भी था। इजरायली सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। सेना और पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने एक से अधिक स्थानों पर हमला किया। जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले के तुरंत बाद स्थिति की समीक्षा की और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री कार्यालय ने पुष्टि की कि वे सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हमले में शामिल संदिग्धों में से एक को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया, जबकि दूसरे को बाद में मुठभेड़ में मार गिराया गया। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने एक वाहन का उपयोग किया था, जो कथित तौर पर इजरायली नंबर प्लेट वाला था।
सेना ने बताया कि हमले के बाद आसपास के फिलिस्तीनी गांवों को घेर लिया गया है और वेस्ट बैंक सीमा क्षेत्र के पास स्थित क्रॉसिंग को भी बंद कर दिया गया है। पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और तलाशी अभियान जारी है। इस घटना के बाद इजरायल में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे के मकसद और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Updated on: 07 Jun 2026 05:14 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।