# गोरखपुर

हेलो! तुम्हारे पापा चरस और स्मैक के साथ पकड़े गए हैं…सबूत के लिए यह वीडियो देखो और युवती से ऐंठ लिए पैसे

Gorakhpur Cyber Crime Fraud : गोरखपुर के मोहद्दीपुर में साइबर ठगों ने युवती को पिता की गिरफ्तारी का फर्जी वीडियो दिखाकर 96 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है।

2 min read
गोरखपुर में युवती के साथ हुआ साइबर फ्राड, PC- Chatgpt

Gorakhpur News : हेलो मैं पुलिस इंस्पेक्टर बोल रहा हूं…आपके पापा चरस और स्मैक के साथ पकड़े गए हैं। एक वीडियो देख लो तुमको सबूत मिल जाएगा। अगर अपने पिता को छुड़वाना चाहती हो तो तुरंत एक लाख रुपए भेज दो नहीं तो इन्हें जेल में डाल दूंगा। इतना कहते ही फोन कट जाता है और कुछ मिनट बाद मोबाइल पर वीडियो भी डिलीट हो जाता है। लेकिन, वीडियो को देखकर बेटी इतना डर गई कि वह पैसों के इंतजाम में जुट गई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह मामला गोरखपुर जिले के मोहद्दीपुर का है। यहां की रहने वाली पूजा ने पुलिस को एक प्रार्थना पत्र दिया। युवती ने बताया कि उसे एक व्हाट्सएप कॉल आई और बताया कि तुम्हारे पापा नशीले पदार्थ के साथ पकड़े गए हैं। उसने एक वीडियो मोबाइल पर भेजा, जिसमें एक व्यक्ति की पिटाई होती दिखाई दे रही है। वह मदद के लिए गुहार लगा रहा था। आवाज खूब तेजी से सुनाई दे रही। वीडियो भेजने के बाद कुछ देर बाद वीडियो को डिलीट कर दिया गया। युवती ने आरोप लगाया कि उसके पिता को छोड़ने के लिए 1 लाख रुपए मांगे। इसके अलावा कहा कि यदि उसने यह बात किसी को बताया तो उसके पिता की हत्या कर जाएगी।

डरे सहमे परिवार ने ब्याज पर लिए पैसे

परिवार ने लोगों से पैसे उधार लिए, ब्याज पर पैसे लिए और 96 हजार रुपए उसने आरोपी को भेज दिया। इसके बाद जब युवती ने अपने पापा से संपर्क किया कि वह किस हालत में हैं तो पता चला कि वह तो सही सलामत हैं और बेंगलुरु में काम कर रहे हैं। इसके बाद युवती को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ।

एसपी नार्थ को युवती ने दिया प्रार्थनापत्र

युवती ने इस मामले में एसपी को शुक्रवार प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले ठगी का एहसास होने पर युवती ने 20 मई 2026 को साइबर हेल्प लाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद कैंट थाना पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी युवती से ली थी। पीड़िता ने एसपी नार्थ से मामले की जांच कर साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ठगी गई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। साइबर सेल की टीम जांच में जुट गई है।