गोरखपुर, Jun 07, 2026

अस्पताल में डिलिवरी के बाद प्रसूता की मौत (सोर्स: पत्रिका)
गोरखपुर के चौरी चौरा सीएचसी पर रविवार सुबह उस समय हंगामा होने लगा, जब वहां एक गर्भवती महिला की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई। परिजन बेटा होने की खुशी भी नहीं मना किए, महिला की मौत से नाराज परिजन सीएचसी का घेराव कर हंगामा करने लगे। इसके बाद बाद चौरी चौरा थाना पुलिस के साथ ही CO ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराने में जुट गए।
डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर रहे परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। हंगामे की सूचना पर चौरी चौरा विधायक ई. सरवन निषाद भी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराते हुए CHC अधीक्षक से बात की। इसके बाद सीएमओ से भी फोन पर बात करके मामले की जांच करके कार्रवाई करने के लिए कहा। हंगामे को देखते हुए पुलिस ने रात में डयूटी पर तैनात नर्स को हिरासत में ले लिया है। नर्स को थाने लाकर उससे पूछताछ की जा रही है। इधर विधायक ने CHC अधीक्षक से बात कर के कारवाई का आश्वासन दिया।
जानकारी के मुताबिक देवरिया जिले के एकौना थानाक्षेत्र के ग्राम बेलवा दुबौली के देव निषाद की पत्नी नीलम निषाद अपने मायके चौरीचौरा थानाक्षेत्र के ग्राम चौरी खास में आई थी। शनिवार को नीलम को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर पति देव सीएचसी चौरीचौरा लेकर आया। यहां एडमिट कर डाक्टरों से नीलम का आपरेशन से प्रसव कराया। नीलम को आपरेशन से पहला लड़का पैदा हुआ तो परिवार में खुशी की लहर फैल गई। बाद में नीलम की तबीयत बिगड़ गई।
मृतक महिला के पति देव व भाई रितेश ने डॉक्टर पर आपरेशन के बाद उपचार में लापरवाही करने आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रात में डॉक्टर सीएचसी पर नहीं थे, जिससे कि उसे उपचार नहीं मिल पाया और उसकी मौत हो गई। कार्रवाई की मांग को लेकर महिला के परिजन सुबह 5 बजे सीएचसी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे।
परिजनों ने बताया कि अभी डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और बेटा देने के बाद भी भगवान ने मां को छीन लिया। वहीं CHC अधीक्षक डॉ. सर्वजीत प्रसाद ने बताया कि महिला का आपरेशन सफल हुआ, लेकिन बाद में हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई है। परिजनों की शिकायत पर जांच की जा रही है।
Published on: 07 Jun 2026 06:19 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।