Lucknow Love Jihad Case News: लखनऊ में 'करण' बनकर जुबैर ने युवती को प्रेम जाल में फंसाया। शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग के बाद अब ₹12 लाख का लालच देकर धर्म बदलने का दबाव बनाया। जानें पूरा मामला...
Lucknow Love Jihad Case News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा इलाके से 'लव जिहाद' और जबरन धर्मांतरण के दबाव का एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को 'करण' बताया और एक हिंदू युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया गया और जब उसकी सच्चाई सामने आई तो आरोपी के परिवार ने युवती पर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात करण नाम के एक लड़के से हुई थी। करण ने खुद को हिंदू बताया था, इसलिए युवती ने उस पर भरोसा कर लिया। आरोपी ने धीरे-धीरे उसे अपने प्यार के जाल में फंसाया और शादी का वादा करके अलग-अलग जगहों पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने युवती को नशीली चीज खिलाकर उसके साथ ज्यादती की और रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद वह युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
जब पीड़िता ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह बहाने बनाने लगा। पीड़िता को जब शक हुआ तो उसने अपने स्तर पर पता लगाया। सच सामने आने पर उसके होश उड़ गए, क्योंकि जिसे वह करण समझ रही थी, उसका असली नाम जुबैर अंसारी था। युवती का यह भी आरोप है कि जुबैर ने बिजनेस में निवेश करने के नाम पर उससे ढाई लाख रुपये कैश और करीब 5 लाख रुपये के सोने के गहने भी ले लिए थे।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने जुबैर के घर जाकर शादी की बात की तो उसके घरवाले धर्म बदलने की शर्त रखने लगे। जुबैर की मां ने उसे जबरन बुर्का पहना दिया और कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया। आरोपी की मां ने यह भी लालच दिया कि अगर वह इस्लाम कबूल कर लेती है तो उसे मस्जिद या मदरसे से 12 लाख रुपये मिलेंगे। जब पीड़िता ने साफ मना कर दिया तो जुबैर और उसके पूरे परिवार ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इस पूरे मामले में पारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जुबैर अंसारी, उसके पिता जुनैद, मां महरून निशा और दोनों बहनों मुस्कान व खुशनुमा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज कराए जाएंगे। फिलहाल, फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।